यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026 : किसान के बेटे और मैकेनिक की बेटी ने सीमित संसाधनों में हासिल किया सफलता का ऊंचा मुकाम, माता-पिता गदगद
वाराणसी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और लगन से सफलता की नई इबारत लिखते हुए क्षेत्र के दो मेधावी छात्रों ने जिले की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त कर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। एक ओर किसान के बेटे सत्यम सिंह ने हाईस्कूल में शानदार प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर बाइक मैकेनिक की बेटी स्वेता विश्वकर्मा ने इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट अंक हासिल कर मिसाल पेश की है।

मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज (मड़ई) गांव निवासी सत्यम सिंह ने हाईस्कूल परीक्षा में 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में 10वां स्थान हासिल किया। वह शिवचरण स्मारक इंटरमीडिएट कॉलेज, मेहंदीगंज के विज्ञान वर्ग के छात्र हैं। सत्यम की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और पूरे गांव में खुशी की लहर है। उनके पिता चंद्रमा प्रसाद किसान हैं और साथ ही पेंटिंग का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद सत्यम ने अपनी कड़ी मेहनत और निरंतर अध्ययन से यह मुकाम हासिल किया। सत्यम का सपना आगे चलकर इंजीनियर बनने का है, जिसके लिए वह पूरी निष्ठा से प्रयासरत हैं।
वहीं कछवारोड चौराहे पर बाइक मैकेनिक का कार्य करने वाले नंदलाल विश्वकर्मा की बेटी श्वेता विश्वकर्मा ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 90.20 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में 9वां स्थान प्राप्त किया। स्वेता जनता इंटरमीडिएट कॉलेज, खोंचवा की कला वर्ग की छात्रा हैं। आर्थिक सीमाओं के बावजूद स्वेता ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से यह सिद्ध कर दिया कि सफलता के लिए साधनों से अधिक जरूरी हौसला और समर्पण होता है। श्वेता का लक्ष्य उच्च शिक्षा प्राप्त कर सिविल सर्विस में जाना है। वह स्नातक के साथ-साथ आगे पीएचडी कर शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान देना चाहती हैं और प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज सेवा करना चाहती हैं।

