वाराणसी पहुंचे यूपी और एमपी के मुख्यमंत्री, बरेका ग्राउंड पर सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का करेंगे शुभारंभ, दर्शकों में उत्साह
वाराणसी। काशी में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्यम को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और कार्यक्रम को लेकर उत्साह चरम पर है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एमपी सीएम मोहन यादव वाराणसी पहुंच चुके हैं। दोनों मुख्यमंत्री थोड़ी ही देर में बरेका ग्राउंड पर सम्राट विक्रमादित्य के जीवन चरित्र पर आधारित भव्य महानाट्य का शुभारंभ करेंगे। यह सांस्कृतिक आयोजन 5 अप्रैल तक चलेगा।
सीएम योगी सर्किट हाउस पहुंचे। वहां से बरेका जाएंगे। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन करते हुए काशी आगमन पर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति भी रहेगी, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया है। बरेका (बीएलडब्ल्यू) परिसर में आयोजित इस महानाट्यम को भव्य रूप देने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।
बड़ी संख्या में लोग इस महानाट्य का मंचन देखने के लिए पहुंचे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान बनाया गया है।

