ग्लोबल रिसाइक्लिंग डे पर वाराणसी में अनोखी पहल, खेल-खेल में बच्चों ने सीखा कचरा प्रबंधन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। ग्लोबल रिसाइक्लिंग डे के अवसर पर नगर निगम की ओर से शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जागरुकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नगर निगम की आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर संपर्क से लेकर विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को कचरा प्रबंधन और रिसाइक्लिंग के प्रति जागरूक किया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश एवं अपर नगर आयुक्त सविता यादव के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित हुआ। आईईसी टीम ने ‘बेसिक्स’ और ‘ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट’ (एआईआईएलएस) के सहयोग से कोतवाली जोन के वार्ड नंबर 97 (काल भैरव) क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने घर-घर जाकर लोगों को कचरे के सही निस्तारण और उसके पृथक्करण के बारे में जानकारी दी।

123

नागरिकों को बताया गया कि कचरे को चार भागों-गीला, सूखा, घरेलू खतरनाक और सैनिटरी वेस्ट-में अलग करना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को छोड़कर कपड़े के बैग अपनाने की अपील की गई। टीम ने लोगों को पुराने कपड़ों को फेंकने के बजाय उनका पुनः उपयोग (रीयूज) या रिसाइक्लिंग करने के लिए प्रेरित किया।

इसी क्रम में नदेसर और लहरतारा सब-जोन के विन्ध्यवासिनी नगर और मानिक नगर कॉलोनियों में विशेष संग्रह अभियान चलाया गया। इस दौरान 25 घरों से पुराने कपड़े एकत्रित कर उन्हें शिवपुर स्थित आरआरआर सेंटर भेजा गया। यहां उपयोगी कपड़ों को जरूरतमंदों में वितरित किया जाएगा, जबकि अनुपयोगी वस्त्रों को रिसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। इस पहल ने “कचरा ही संसाधन है” की सोच को मजबूत किया और स्थानीय लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

अभियान के तहत सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भी एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 150 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बच्चों को आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल) की अवधारणा खेल-खेल में समझाई गई। ‘सेग्रेगेशन आधारित लूडो गेम’ के माध्यम से बच्चों ने कचरे को अलग करने का तरीका रोचक ढंग से सीखा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी पुराने कपड़े दान कर सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक रवि शंकर पटेल, नगर निगम के सफाई सुपरवाइजर और आईईसी टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Share this story