सीएम योगी के निर्देश पर काशी में देव दीपावली की अभेद्य सुरक्षा, 3 हजार जवान तैनात

WhatsApp Channel Join Now

घाटों से गंगा और शहर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, 25 से अधिक आईपीएस अधिकारी तैनात

एंटी ड्रोन सिस्टम और चार टीथर्ड ड्रोन से होगी निगरानी, 25 वॉच टावर भी बनाए गए

जल पुलिस और एनडीआरएफ की नौ टीमें संभालेंगी गंगा की सुरक्षा, चेत सिंह घाट पर बनेगा फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन

नौकाओं के लिए अलग-अलग मार्ग और यू-टर्न निर्धारित, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा दल भी अलर्ट

वाराणसी, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर काशी की विश्वविख्यात देव दीपावली को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान और शाम को अर्धचंद्राकार घाटों पर दीपों की अलौकिक छटा देखने के लिए देश-विदेश से 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए योगी सरकार ने घाटों से लेकर गंगा और शहर के प्रमुख मार्गों तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। पुलिस, अर्धसैनिक बलों, जल पुलिस और आपदा बचाव दलों की तैनाती के साथ आधुनिक तकनीक से भी निगरानी की जाएगी।

3,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों के हाथों में होगी कमान

वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि देव दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान 25 से अधिक आईपीएस और 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों के साथ 3,000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के हाथों में होगी। इसके अतिरिक्त सीआरपीएफ, पीएसी और त्वरित कार्रवाई दल की टीमें भी तैनात रहेंगी। पूरे घाट क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर सुरक्षा प्रबंध लागू किए गए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

123

एंटी ड्रोन सिस्टम से लेकर वॉच टावर तक निगरानी

घाटों और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखने के लिए 25 वॉच टावर बनाए गए हैं। चार टीथर्ड ड्रोन के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जाएगी। अनधिकृत ड्रोन गतिविधियों को रोकने के लिए एंटी ड्रोन सिस्टम तैनात रहेगा। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी घाटों और प्रमुख स्थानों की निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू रखने के लिए घाटों पर प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रामनगर की ओर स्थित घाटों पर भी विशेष सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मार्ग परिवर्तन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए उन्हें व्यवहार कौशल का प्रशिक्षण भी दिया गया है।

गंगा में नौकाओं के लिए अलग-अलग मार्ग, यू-टर्न की भी व्यवस्था

देव दीपावली पर गंगा में बड़ी संख्या में नौकाओं के संचालन को देखते हुए जल क्षेत्र की सुरक्षा के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। वाटर बैरिकेडिंग के माध्यम से नौकाओं के आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाने वाली नावें पक्के घाटों की तरफ से संचालित होंगी, जबकि अस्सी घाट से नमो घाट जाने वाली नावों के लिए गंगा पार रेतीले क्षेत्र की तरफ का मार्ग निर्धारित किया गया है। गंगा में नावों के लिए यू-टर्न की व्यवस्था भी रहेगी। नाविकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाने और सभी को लाइफ जैकेट पहनाने के निर्देश दिए गए हैं। जल पुलिस के जवानों के कंधों पर लाल और नीली ब्लिंकर लाइट लगाई जाएंगी, जिससे अंधेरे में भी उनकी पहचान दूर से की जा सकेगी।

123

चेत सिंह घाट पर बनेगा फ्लोटिंग वाटर रेस्क्यू स्टेशन

गंगा में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग वाटर रेस्क्यू स्टेशन स्थापित किया जाएगा। एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने बताया कि यहां बचाव और सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया जा सके। जल क्षेत्र की सुरक्षा के लिए जल पुलिस के जवानों के साथ एनडीआरएफ की नौ टीमें विभिन्न घाटों पर तैनात रहेंगी। इन टीमों के पास बचाव उपकरण, चिकित्सा दल और वाटर एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी।

अस्पतालों में आरक्षित रहेंगे बेड, चिकित्सक भी अलर्ट

श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में बेड आरक्षित किए गए हैं। चिकित्सकों की टीमों को भी सतर्क रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित व्यक्ति को बिना देरी के उपचार मिल सके। पुलिस, जल सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था के समन्वय से देव दीपावली के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है।

BK Pathak
BK Pathak

21956 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story