कालभैरव मंदिर के पास बनेगी टू-व्हीलर पार्किंग, होगी सहूलियत
वाराणसी। कालभैरव मंदिर के पास बीएचयू की जमीन में टू-व्हीलर पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा विश्राम गृह समेत कई अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसको लेकर बीएचयू की कार्यकारिणी परिषद (ईसी) की मीटिंग में निर्णय लिया गया।
कालभैरव मंदिर के पास बीएचयू की जमीन है। ईसी की मीटिंग में वहां पार्किंग बनाने को लेकर चर्चा हुई। इसमें कई सदस्यों ने वहां महामना म्यूजियम बनाने तो कुछ ने लाइब्रेरी बनाने को लेकर अपना पक्ष रखा था।
ईसी ने उक्त जमीन में पार्किंग बनाने का निर्णय लिया। इस पार्किंग का निर्माण लगभग 5 हजार वर्ग फीट जमीन में कराया जाएगा। इसके अलावा अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इस पहल से काशी कोतवाल के दर्शन-पूजन को आने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी। वहीं काशीवासियों को भी लाभ होगा।

