वाराणसी में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। रोहनियां थाना क्षेत्र के अखरी गांव के समीप हाईवे के सर्विस लेन पर दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।
बाइक सवार आलोक श्रीवास्तव निवासी खुरमावाद, थाना चिनारी, जिला रोहतास, अखरी बाईपास से डाफी की ओर जा रहा था। वहीं राहुल उर्फ काजू पटेल निवासी अखरी अपनी पत्नी किरन देवी को वनपुरवा रमना स्थित ससुराल से डाफी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वापस घर लौट रहा था।
जैसे ही दोनों बाइक सवार अखरी गांव के सामने सर्विस लेन पर पहुंचे, तेज गति के कारण दोनों की बाइक आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचाया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया।

