लंका पुलिस के हत्थे चढ़ा ऑटो लिफ्टर गैंग, दो चोर व दो किशोर धराए, चार बाइकें बरामद
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अपराध और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लंका थाना पुलिस ने एक सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों और दो किशोरों (बाल अपचारियों) को पकड़ा है। इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों को रामनगर क्षेत्र स्थित एक ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रेहान खान निवासी बारीगढ़ही, थाना रामनगर और हिमांशु थापा निवासी गंगाघाट पुरम कॉलोनी, पंचवटी, थाना रामनगर शामिल हैं। इनके साथ 15 और 16 वर्ष आयु के दो किशोरों को भी हिरासत में लिया गया है।
पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका
पुलिस पूछताछ के दौरान एक किशोर ने स्वीकार किया कि उसने बीएचयू स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी की थी। पूछताछ में उसने बताया कि वह शौक पूरा करने और आसानी से पैसा कमाने के उद्देश्य से मोटरसाइकिलों की चोरी करता था। वहीं रेहान खान, हिमांशु थापा और दूसरे किशोर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चोरी की बाइकें पहले किशोर से बेहद कम कीमत पर खरीदी थीं। उन्होंने स्वीकार किया कि कम दाम में वाहन मिलने के कारण बिना उसके स्रोत की जांच किए बाइक खरीद ली थी।
चार चोरी के वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चार चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इनमें गन मेटल ग्रे रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट, लाल-काले रंग की हीरो ग्लैमर, काले रंग की होंडा एक्टिवा 4जी तथा काले रंग की एक अन्य रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल शामिल है। बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है और उनके वास्तविक स्वामियों से संपर्क किया जा रहा है।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ लंका थाने में पहले से भी चोरी के मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मु.अ.सं. 0314/2026 (धारा 317(2) बीएनएस) तथा मु.अ.सं. 0311/2026 (धारा 303(2) बीएनएस) शामिल हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितनी मोटरसाइकिलें चोरी की हैं और उन्हें किन-किन लोगों को बेचा गया है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने किया। टीम में चौकी प्रभारी बीएचयू उपनिरीक्षक सौरभ तिवारी, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल अमित शुक्ला, पवन कुमार, कृष्णकांत पांडेय, सूरज, सुजीत सिंह तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशांत तिवारी शामिल रहे।

