पुलिस का सीजकर किया हुआ ट्रक लेकर फरार हो गए थे शातिर चोर, रामनगर पुलिस ने सुल्तानपुर से दो चारों को पकड़ा, ट्रक बरामद
वाराणसी। रामनगर पुलिस ने चोरी के एक ट्रक को बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को सुलतानपुर जनपद के करौंदी कला थाना क्षेत्र स्थित हसन ट्रेंड्स के पास से गिरफ्तार किया। बरामद ट्रक को खनन विभाग ने पूर्व में सीज किया था, जिसे चोरी कर ले जाया गया था।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। मामले में राजीव रंजन यादव निवासी बहरीपुर थाना सिंगरामऊ जनपद जौनपुर तथा राशिद अली निवासी सरकण्डीडीह थाना धम्मौर जनपद सुलतानपुर को गिरफ्तार किया गया है।
17 मई 2026 को ट्रक संख्या BR24GD6079, जिस पर मौरंग लदी थी, को खनन विभाग द्वारा सीज कर थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे खड़ा कराया गया था। ट्रक की चाबी जमा करा दी गई थी। आरोप है कि दोनों अभियुक्तों ने दूसरी चाबी की मदद से ट्रक स्टार्ट कर चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए।
मंगलवार को सूचना मिलने पर रामनगर पुलिस सक्रिय हुई और हसन ट्रेंड्स के पास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गया ट्रक भी बरामद कर लिया। इस संबंध में थाना रामनगर में मुकदमा अपराध संख्या 0124/2026, धारा 305 और 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि ट्रक राशिद अली का था और वह स्वयं उसे चलाता था। ट्रक सीज होने के बाद दोनों ने दूसरी चाबी के जरिए उसे छुड़ाने की योजना बनाई थी। आरोपितों के अनुसार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बदलने के दौरान मौका देखकर ट्रक लेकर भाग निकले थे। बाद में ट्रक से मौरंग उतारने की योजना थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में एसओ संजय कुमार मिश्रा, एसआई आदित्य कुमार राय, अनिल राजपूत समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

