लंका पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर चोर, 52,500 रुपये बरामद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। थाना लंका पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 52,500 रुपये भी बरामद किए हैं। दोनों ने भगवानपुर इलाके में एक घर में घुसकर आलमारी का ताला तोड़कर हजारों के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। 

पुलिस टीम ने दोनों चोरों को गुरुवार की रात सामने घाट के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अभिषेक उर्फ केतुल राजभर निवासी भगवानपुर और करन सोनकर  निवासी नगवा के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0- 82/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।

12 फरवरी को वादी ने थाना लंका में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी से कीमती जेवरात और 7,000 रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की और तकनीकी व मुखबिर की सहायता से आरोपियों तक पहुंची।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने कुछ महीने पहले भगवानपुर स्थित बंगाली कॉलोनी में एक घर में घुसकर चोरी की थी। वे दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और ताला तोड़कर नकदी व जेवरात चुरा लिए। चोरी के सामान को उन्होंने राहगीरों को बेचकर करीब 88,000 रुपये प्राप्त किए, जिसे आपस में बांट लिया। खर्च करने के बाद उनके पास 52,500 रुपये शेष बचे थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक सौरभ तिवारी, शिवाकान्त शर्मा. हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अमित शुक्ला, पवन कुमार, कृण्षकान्त पाण्डेय, सुरज कुमार और सत्येंद्र गौड शामिल रहे।

Share this story