काशी विश्वनाथ धाम को मिले विशेष रूप से डिजाइन किए गए दो ई-रिक्शा, मंदिर व्यवस्था होगी और सुगम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में एक सराहनीय पहल के तहत “बाज़” नामक ऑटो रिक्शा कंपनी के स्वामी सनम निज्हावन द्वारा मंदिर को दो विशेष रूप से निर्मित विद्युत लोडर भेंट किए गए। इससे मंदिर की व्यवस्था और सुगम होगी। इस ई-रिक्शा को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। 

123

मंदिर प्रशासन के अनुसार, ये लोडर सामान्य बाजार में उपलब्ध नहीं हैं, बल्कि इन्हें विशेष रूप से मंदिर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इन वाहनों को लो-फ्लोर तकनीक के साथ तैयार किया गया है, जिससे इन्हें मंदिर परिसर में आसानी से संचालित किया जा सके। साथ ही इनके पहियों और ढांचे को इस प्रकार बनाया गया है कि संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी बिना किसी बाधा के कार्य किया जा सके।

इन अत्याधुनिक विद्युत लोडरों के उपयोग से मंदिर परिसर की दैनिक व्यवस्थाएं जैसे सामग्री ढुलाई, सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक कार्य और अधिक सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगे। इससे न केवल कार्य की गति बढ़ेगी, बल्कि श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

मंदिर प्रशासन ने इस सहयोग के लिए सनम निज्हावन का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही भगवान श्री काशी विश्वनाथ से उनके लिए मंगलकामनाएं भी की गईं।

Share this story