सावन में कैंट स्टेशन पर खड़ी रहेंगी दो स्पेशल ट्रेन, शिवभक्तों को होगी सहूलियत
श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने की विशेष तैयारी
सर्कुलेटिंग एरिया में बनाए जाएंगे होल्डिंग एरिया, मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
कैमरों से होगी चौबीसों घंटे निगरानी, आरपीएफ, जीआरपी संग पुलिस भी रखेगी नजर
स्टेशन पर नहीं बिकेगा मांसाहार, स्टालों पर मिलेगा सात्विक आहार
वाराणसी। सावन माह में श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ने वाली शिव भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने वाराणसी कैंट स्टेशन पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशन पर दो विशेष ट्रेनों को खाली खड़ा रखा जाएगा, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तत्काल संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी और सुदृढ़ की जाएगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार स्कूलेटिंग एरिया से फुटओवर ब्रिज तक आने-जाने वाले मार्गों पर यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। स्टेशन परिसर की 24 घंटे निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में एक बड़ा होल्डिंग एरिया भी बनाया जाएगा। यहां जरूरत पड़ने पर टिकट वितरण की व्यवस्था होगी और यात्रियों को ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्लेटफॉर्म पर भीड़ का दबाव कम करने के उद्देश्य से इस व्यवस्था को विकसित किया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सावन के दौरान प्रत्येक सोमवार को लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं के काशी आने की संभावना है। प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ, दिल्ली सहित विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु वाराणसी पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए दो खाली ट्रेनों (बालू ट्रेन) को स्टेशन पर तैयार रखा जाएगा, ताकि भीड़ बढ़ने पर उन्हें तत्काल संचालित किया जा सके। इसके अलावा होल्डिंग एरिया की क्षमता भी आवश्यकता के अनुसार बढ़ाई जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए सावन माह के दौरान स्टेशन परिसर में मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।

