पुलिस के हत्थे चढ़े दो स्नेचर, बुजुर्ग महिला से लूटी थी चेन, चेन का टुकड़ा व बाइक बरामद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। थाना कोतवाली पुलिस ने कबीरचौरा क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चेन छीनैती की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का एक हिस्सा, 2200 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में अपराध नियंत्रण, चोरी और लूट की घटनाओं के खुलासे तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गुरुवार को मछोदरी पार्क के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संतोष कुमार और रोशन कुमार निवासी ग्राम दीरा चांदपुर, थाना पोठिया, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने कबूल किया कि छह से सात दिन पहले उन्होंने कबीरचौरा अस्पताल के पास एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया था। आरोपियों ने महिला के साथ धक्का-मुक्की कर उसकी सोने की चेन छीनने का प्रयास किया था। छीना-झपटी के दौरान चेन का केवल एक हिस्सा ही उनके हाथ लगा, जबकि शेष हिस्सा महिला के पास रह गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चेन का करीब तीन-चार अंगुल लंबा टुकड़ा उन्होंने राह चलते एक अज्ञात व्यक्ति को तीन हजार रुपये में बेच दिया था। बिक्री से मिले रुपये दोनों ने आपस में बांट लिए और अधिकांश रकम खर्च कर दी। पुलिस ने उनके पास से बरामद 2200 रुपये को उसी रकम का शेष हिस्सा बताया है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लगभग तीन अंगुल लंबा पीली धातु की चेन का टुकड़ा, 2200 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त काले रंग की होंडा एसपी मोटरसाइकिल, जिसे पुलिस ने सीज कर दिया है, तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस मामले में थाना कोतवाली में 1 अगस्त 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 189/2026 धारा 309(6)/115(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों और आरोपियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह, चौकी प्रभारी सप्तसागर प्रीति कुमारी, चौकी प्रभारी कबीरचौरा प्रशांत गुप्ता, चौकी प्रभारी कालभैरव अभय नारायण सिंह, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अश्वनी सिंह सहित थाना कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this story