छठ पर्व पर बिहार में शराब की खेप ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार, बनारस स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने पकड़ा
वाराणसी। छठ पर्व के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर चेकिंग के दौरान टीम ने दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके पास से फ्रूटी पैक में रखी 485 पैकेट देशी शराब बरामद हुई। दोनों आरोपी शराब की खेप लेकर बिहार जाने की फिराक में थे।

जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक राजोल नागर के अनुसार, बनारस स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर वाराणसी की ओर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। संदेह होने पर उन्हें रोककर तलाशी ली गई तो उनके पास से शराब के पैकेट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों की पहचान अखिलेश कुमार और विवेक कुमार महतो के रूप में हुई। दोनों बिहार के छपरा और पटना जिले के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बनारस से शराब लेकर बिहार जाते थे और वहां ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। छठ पर्व के दौरान शराब की खेप बिहार ले जाने की तैयारी में थे। जीआरपी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

