लोहता में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने दो लोगों को रौंदा, मौत, आक्रोशित लोगों ने थाने का किया घेराव
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे से आक्रोशित लोगों ने लोहता थाने का घेराव कर आरोपी ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया।

मृतकों की पहचान लोहता निवासी राशिद जमाल और भट्टी निवासी छेदी बारी के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह दोनों सड़क पर पैदल ही जा रहे थे, उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक उन्हें रौंदते हुए निकल गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा कि रॉंग साइड से जा रहा था। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ ही देर में मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही लोहता थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उनके साथ रोहनिया थाना प्रभारी और मंडुवाडीह थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य माध्यमों से ट्रक की पहचान कर चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। इधर, हादसे की जानकारी के बाद मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने लोहता थाने का घेराव कर आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

