सारनाथ में चल रहा था सेक्स रैकेट, दो नाबालिग लड़कियां मिलीं, दंपती गिरफ्तार  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सोना तालाब इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रहे देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया, जबकि गिरोह का संचालन करने वाली महिला और उसके सहयोगी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि सोना तालाब के पास स्थित एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पहले गुप्त जांच की और पुख्ता जानकारी मिलने पर छापेमारी की। मौके से दो नाबालिग लड़कियों को बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया है।

इस संबंध में एसीपी विदूष सक्सेना ने बताया कि मनोज और शहीदुन्निसा नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों नक्खीघाट के सारंग तालाब क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शहीदुन्निसा इस गिरोह का संचालन कर रही थी, जबकि मनोज उसका सहयोगी था, जिसे उसका दूसरा पति बताया जा रहा है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि पिछले करीब एक महीने से इस मकान में देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा था। आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजते थे और सौदा तय होने के बाद उन्हें बुलाया जाता था। भुगतान के लिए क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जाता था, जहां प्रति ग्राहक तीन हजार से पांच हजार रुपये तक वसूले जाते थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कैश बॉक्स और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है, जिसकी जांच जारी है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा सके।

Share this story