वाराणसी में भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, दो घायल, मची चीखपुकार
वाराणसी। सरैया-सारनाथ मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि ऑटो चालक समेत दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सड़क खाली कराकर यातायात सुचारू कराया।
तेज रफ्तार पिकअप वाहन पुल से नीचे उतर रहा था, जबकि ऑटो पुराने पुल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पिकअप ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में 24 वर्षीय निहाल अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पंचकोशी चौराहे पर ठेला लगाकर गुजर-बसर करने वाली 60 वर्षीय श्याम दुलारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों मौतों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे में ऑटो चालक समेत दो अन्य यात्री भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल किया गया। हालांकि, हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति भी बनी रही, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना के आरोपी पिकअप चालक गुड्डू साहू को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

