वाराणसी में हादसों में दो की मौत, मचा कोहराम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही। 

पहली घटना चौबेपुर थाना क्षेत्र के पियरी गांव के पास की है, जहां रेलवे लाइन पार करते समय एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय (35) पुत्र सोमारू, निवासी तरया चौबेपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजय देर रात किसी काम से रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दूसरी घटना जंसा थाना क्षेत्र की सब्जी मंडी के पास की है, जहां एक युवक की अचानक सड़क पर गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल पटेल (25) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कुछ समय से बेचैनी की हालत में सड़क पर इधर-उधर घूम रहा था और अचानक गिर पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share this story