वाराणसी में हादसों में दो की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। जिले में अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। चोलापुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय मछली पालक तौहीद आलम उर्फ टन्ना की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं सड़क हादसे में घायल वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
चोलापुर निवासी तौहीद अपने गांव से लगभग 500 मीटर दूर स्थित तालाब में मछली पालन का कार्य करते थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वह तालाब पर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उन्हें तालाब किनारे अचेत अवस्था में पड़ा देखा।
ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तालाब किनारे लोहे के पाइप को सीधा करते समय तौहीद ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की मां खुर्शीदा और पत्नी शहनाज का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं।
जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव निवासी 60 वर्षीय पंचम विश्वकर्मा की भी शनिवार सुबह मौत हो गई। वह बीते गुरुवार को खेवसीपुर स्थित रिंग रोड के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पंचम फर्नीचर का काम करते थे और अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

