वाराणसी में करेंट से दो की मौत, परिजनों में मचा कोहराम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में शुक्रवार को करंट की चपेट में आकर दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों हादसे अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए, लेकिन दोनों ने ही परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया।

चोलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बबियांव में 19 वर्षीय छात्र नितिन सिंह, पुत्र विनय कुमार सिंह, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे खेत में कृषि कार्य के लिए गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण खेत का रास्ता फिसलन भरा था। नितिन का पैर फिसल गया और संतुलन बनाने के लिए उसने पास में लगे एक बांस का सहारा ले लिया। दुर्भाग्यवश वह बांस ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन से सटा हुआ था। जैसे ही नितिन ने उसे पकड़ा, वह तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे सीएचसी चोलापुर ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नितिन दो भाइयों में सबसे छोटा था और पढ़ाई के साथ खेती में भी हाथ बंटाता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

दूसरा हादसा चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रुस्तमपुर में हुआ। यहां 56 वर्षीय प्रेमचंद पटेल शुक्रवार शाम करीब चार बजे गांव में एक निमंत्रण में जाने की तैयारी कर रहे थे। कपड़े बदलने के लिए वे बरामदे में पहुंचे, जहां एक फर्राटा पंखा चल रहा था। जैसे ही उन्होंने पंखा बंद करने के लिए उसे छुआ, पंखे में उतरे करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वे तुरंत जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर परिजन पहुंचे और पंखे का स्विच बंद करने के बाद उन्हें निजी अस्पताल ले गए। वहां से डॉक्टरों ने पंडित दीनदयाल अस्पताल रेफर किया, लेकिन वहां पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

प्रेमचंद फूलों का व्यवसाय करते थे। अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

Share this story