एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, दो सुरक्षाकर्मी घायल
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर शनिवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने से दो सुरक्षा कर्मी घायल हो गए। दोनों को हरहुआ स्थित लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और अन्य सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी।

आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी करीब 55 वर्षीय कमलेश राय अपनी 50 वर्षीय पत्नी सुषमा राय के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX1810 से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। सुबह करीब 9:30 बजे सुरक्षा जांच के दौरान उनके ट्रेवलिंग बैग की चेकिंग की जा रही थी। बताया गया कि बैग में कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल रखी हुई थी, जिसे वह भूलवश बैग में लेकर एयरपोर्ट पहुंच गए थे।

सुरक्षा जांच के दौरान पिस्टल में मौजूद राउंड की गिनती किए जाने के समय अचानक फायर हो गया। गोली के रिकोचिट होकर लगने से एयरपोर्ट पर AICLAS में सुरक्षा सहायक के पद पर तैनात सुमन कुमारी के दोनों पैरों की जांघ में चोट आई। सुमन कुमारी बिहार के गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर की रहने वाली हैं। वहीं, इसी घटना में बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के अंबेर रोहिणी रोड निवासी रोहित राज के बाएं हाथ में भी गोली लग गई।

घटना के तुरंत बाद दोनों घायल सुरक्षा कर्मियों को इलाज के लिए हरहुआ स्थित लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने दोनों की हालत सामान्य बताई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने एयरपोर्ट पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी नीतू समेत अन्य आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने एयरपोर्ट कर्मियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी ली। वहीं, फील्ड यूनिट की टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

घटना के संबंध में फूलपुर थाना पुलिस द्वारा कमलेश राय से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सुरक्षा जांच के दौरान पिस्टल से फायर किस परिस्थिति में हुआ और इसमें सुरक्षा मानकों की किस स्तर पर अनदेखी हुई। एयरपोर्ट पर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों से जानकारी ली।

