वाराणसी में मकान की दीवार ढहने से दो मौसूम बच्चियों की मौत, माता-पिता घायल, घटना के बाद मचा कोहराम
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छांव के पश्चिम पूरा में मंगलवार की देर रात मकान की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। मलबे में पूरा परिवार दम गया। हादसे में दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि माता-पिता घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। हादसे के 7 घंटे बाद बच्चियों के शव बरामद किए गए।
बच्छाव पश्चिम पूरा गांव में परिवार मंगलवार की रात खाना खाने के बाद सोया था। आधी रात लगभग 12.30 बजे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद पूरा परिवार मलबे में दब गया। दीवार गिरने के बाद समीप स्थित तालाब का पानी घर के अंदर पहुंच गया। माता-पिता किसी तरह बाहर निकले, लेकिन बच्चियां मलबे और पानी के बीच फंस गईं।
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटना के सात घंटे बाद दोनों बेटियों सात वर्षीय आफिया और चार वर्षीय पलक के शव बरामद किए गए। शव देखकर मां तबस्सुम और पिता अजुद्दीन का रो-रोकर बुरा हाल है।

