तुलसी घाट पर गंगा स्नान के दौरान दो डूबे, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी चौकी अंतर्गत तुलसी घाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान गोरखपुर से आए बालक और युवक डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एक युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

गोरखपुर जिले के झगहां थाना क्षेत्र के ग्राम खरकूटा पोस्ट डुमरैला निवासी आयुष उर्फ भोले (12 वर्ष) पुत्र अनिल कुमार गुप्ता और कौड़ीराम थाना क्षेत्र के ग्राम पाण्डेयपार पोस्ट कौड़ीराम निवासी निखिल गुप्ता (18 वर्ष) पुत्र पिंटू गुप्ता वाराणसी घूमने आए थे। दोनों रविवार को तुलसी घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान दोनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा और गहराई के कारण उन्हें बाहर नहीं निकाल सके। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही अस्सी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद NDRF और जल पुलिस की टीम को बुलाया गया। टीम ने तत्काल गंगा में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद एक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार घाट पर मौजूद कुछ लोगों ने दोनों युवकों को गहरे पानी में जाने से मना किया था, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए बात टाल दी कि उन्हें तैरना आता है। इसी दौरान वे अचानक गहराई में चले गए और हादसा हो गया।

पुलिस ने बताया कि बरामद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं लापता युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ और जल पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है। घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को दे दी गई है। इस घटना के बाद तुलसी घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। पुलिस ने लोगों से गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतने और गहरे पानी में न जाने की अपील की है।

