वाराणसी के दो जांबाजों को वीरता पदक, STF के इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव और अंगद यादव को CM योगी ने किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
  • लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने दिए वीरता पदक, प्रदेश के कुल 26 पुलिसकर्मी सम्मानित
  • शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार की पत्नी को भी किया सम्मानित, पूर्व DGP प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन

वाराणसी। ड्यूटी के दौरान अदम्य साहस और शौर्य दिखाने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के 26 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोकभवन में वीरता पदक से सम्मानित किया। इनमें वाराणसी एसटीएफ में तैनात इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव और उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव भी शामिल हैं। दोनों जांबाज पुलिसकर्मियों को मिले इस सम्मान ने वाराणसी का भी गौरव बढ़ाया है।

लखनऊ में गुरुवार, 1 अक्टूबर को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान किए। सम्मानित होने वालों में गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर वीरता पदक के लिए घोषित 16 और गणतंत्र दिवस 2026 पर घोषित 10 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं।

ं

अमित श्रीवास्तव और अंगद यादव को मिला सम्मान

एसटीएफ के इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव और उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव को गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर वीरता पदक के लिए घोषित किया गया था। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों को सम्मानित किया। खास बात यह है कि इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव का नाम गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित वीरता पदक पाने वालों की सूची में भी शामिल है।

ं

शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान को किया नमन

समारोह में मुख्यमंत्री ने एसटीएफ के शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान को भी नमन किया। उन्होंने सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को नकद धनराशि और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किए जाने की घोषणा हुई थी।

इंस्पेक्टर सुनील कुमार 20 जनवरी 2025 को शामली के झिंझाना क्षेत्र में चार अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ में शामिल थे। मुठभेड़ में चारों अपराधी मारे गए थे। इस दौरान सुनील कुमार ने अदम्य साहस का परिचय दिया और कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए।

इन 16 पुलिसकर्मियों को मिला गणतंत्र दिवस 2025 का वीरता पदक

गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर वीरता पदक के लिए घोषित पुलिसकर्मियों में एसटीएफ के आरक्षी देवदत्त सिंह, राजन कुमार, रितुल कुमार वर्मा, नवमी वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक आईपीएस निपुण अग्रवाल, गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह, मेरठ के उपनिरीक्षक मुन्ने सिंह, गाजियाबाद कमिश्नरेट के आरक्षी नीरज कुमार पाल और हरदोई के पुलिस अधीक्षक आईपीएस अशोक कुमार मीणा शामिल हैं।

इसके अलावा संभल के पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप कुमार, शाहजहांपुर के निरीक्षक गीतेश कपिल, सहारनपुर के आरक्षी प्रवीण अहलावत, एसटीएफ के निरीक्षक अमित श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव, लखनऊ कमिश्नरेट की पुलिस उपायुक्त डॉ. दीक्षा शर्मा, गाजियाबाद कमिश्नरेट के आरक्षी संदीप कुमार और निरीक्षक रिपुदमन सिंह को भी वीरता पदक से सम्मानित किया गया।

गणतंत्र दिवस 2026 के इन 10 जांबाजों का भी सम्मान

गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित वीरता पदक पाने वालों में बुलंदशहर के निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर, एसटीएफ के उपनिरीक्षक केशव शांडिल्य, मुख्य आरक्षी राहुल कुमार, मथुरा के उपनिरीक्षक अजय कुमार वर्मा और एसटीएफ के निरीक्षक घनश्याम यादव शामिल हैं।

इनके साथ मैनपुरी के उपनिरीक्षक अवनीश कुमार त्यागी, एसटीएफ के आरक्षी अमित त्रिपाठी, निरीक्षक अमित श्रीवास्तव, गाजियाबाद कमिश्नरेट के निरीक्षक मनीष बिष्ट और एसटीएफ के मुख्य आरक्षी रणधीर सिंह को भी सम्मानित किया गया।

पूर्व DGP प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share this story