फर्जी दस्तावेजों से 16.62 करोड़ की ठगी, भेलूपुर पुलिस ने गोवा से दो आरोपियों को दबोचा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कूटरचित दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो अभियुक्तों को भेलूपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस ने दोनों को गोवा से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रजय प्रशन्ना शिरोड़कर निवासी उत्तरी गोवा और अमित कुमार सिन्हा  निवासी देहरादून (वर्तमान पता गोवा) शामिल हैं। दोनों आरोपियों को शनिवार को गोवा के परवरिम क्षेत्र से विधिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया। मामले की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जमीन से जुड़े फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पीड़ित से 16,62,49,000 रुपये की ठगी की। जब पीड़ित ने अपना पैसा वापस मांगा, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में थाना भेलूपुर में मुकदमा संख्या 0485/2025 विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि इस गंभीर मामले में साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। तकनीकी और सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस कर गोवा में दबिश दी गई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी ने किया। टीम में उपनिरीक्षक लवकुश यादव, उपनिरीक्षक निर्भय चौधरी और कांस्टेबल सूरज कुमार भारती शामिल रहे।

Share this story