टीजीटी में फर्जी अभ्यर्थी बनकर देने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार, बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में आयोजित टीजीटी परीक्षा के दौरान दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर बैठकर परीक्षा देने का मामला सामने आया है। चेतगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और कथित रूप से पैसे लेकर अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने का काम कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, वाराणसी में आयोजित टीजीटी परीक्षा की पहली पाली के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन में एक अभ्यर्थी की पहचान संदिग्ध पाई गई। फेस रिकॉग्निशन और ई-केवाईसी मिलान के दौरान अभ्यर्थी की जानकारी में विसंगति मिलने पर परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर चेतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध अभ्यर्थी से पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वयं को अमन कुमार बताया, लेकिन गहन जांच के दौरान उसकी पहचान बिहार के सहरसा निवासी अमृतराज आनंद के रूप में हुई। उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति छोटू कुमार को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में दोनों ने स्वीकार किया कि वे वास्तविक अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने और परीक्षा प्रक्रिया में सहायता करने के लिए वहां पहुंचे थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेजों का उपयोग किया था। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक बैग, कई आधार कार्ड, प्रवेश पत्र, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, सिम कार्ड तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान अमृतराज आनंद ने बताया कि परीक्षा पास कराने के लिए प्रति अभ्यर्थी दो लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। इसमें से कुछ राशि अग्रिम रूप से प्राप्त कर ली गई थी, जबकि शेष रकम परिणाम आने के बाद मिलने वाली थी। उसने बताया कि वह एमसीए उत्तीर्ण है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। लालच में आकर उसने यह अवैध कार्य किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

