रामनगर में हाईवे पर ट्रक-ट्रेलर की भिड़ंत में चालक की मौत, खलासी घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रामनगर में हाईवे पर ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रामनगर लालबहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं खलासी का उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराया।

बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी ट्रक चालक मुन्ना सिंह और खलासी रामसागर राय ट्रक में रेल नीर की पेटियां लादकर बिहार से मुगलसराय रेलवे स्टेशन के लिए निकले थे। बताया गया कि रात में रास्ता भटकने के कारण वे मुगलसराय की बजाय रामनगर की ओर पहुंच गए। रामनगर में हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रेलर से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने ट्रक चालक मुन्ना सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल खलासी रामसागर राय का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। पुलिस के अनुसार ट्रेलर चालक जौनपुर के दीपापुर निवासी अखिलेश यादव है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और हाईवे पर यातायात को सामान्य कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Share this story