वृक्षारोपण महायज्ञ-2026: वाराणसी में एक दिन में रोपे जाएंगे 15.49 लाख पौधे
वार्षिक लक्ष्य 18.41 लाख पौधों का, विश्व पर्यावरण दिवस पर पहले ही हो चुका है 2.92 लाख पौधरोपण
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 27 विभाग, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और आमजन मिलकर बढ़ाएंगे हरित आवरण
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रविवार, 12 जुलाई को वाराणसी में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले में एक ही दिन में 15.49 लाख पौधे रोपे जाएंगे। वर्ष 2026-27 के लिए वाराणसी को 18.41 लाख पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है, जिसकी शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) पर 2.92 लाख पौधे लगाकर की जा चुकी है। अब शेष लक्ष्य को पूरा करने के लिए वन विभाग और अन्य विभागों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रदेश सरकार की "एक पेड़ मां के नाम" मुहिम के अंतर्गत आयोजित इस अभियान के लिए वाराणसी में नोडल मंत्री के रूप में स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रभागीय वनाधिकारी निधि चौहान ने बताया कि अभियान के लिए जिले की 20 नर्सरियों में 26.41 लाख से अधिक पौधे तैयार किए गए हैं। इनमें इमारती, फलदार, औषधीय तथा विभिन्न स्थानीय प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। अभियान के दौरान लगाए जाने वाले सभी पौधों की जियो-टैगिंग भी की जाएगी, ताकि उनके संरक्षण और निगरानी को सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि पौधरोपण ग्राम समाज की भूमि, सरकारी एवं निजी विद्यालयों, औद्योगिक क्षेत्रों, सड़क किनारे, नदियों के तट, अमृत सरोवरों के आसपास तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर किया जाएगा। अभियान में वन विभाग के अलावा विभिन्न सरकारी विभाग, स्वयंसेवी संस्थाएं, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
वन विभाग के अनुसार सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है, ताकि आने वाले वर्षों में हरित क्षेत्र का विस्तार हो, पर्यावरण संतुलन मजबूत बने और लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके। जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को पर्यावरण संरक्षण का जन आंदोलन बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
वार्षिक लक्ष्य के तहत वन विभाग 2.08 लाख पौधे लगाएगा, जबकि अन्य 26 विभाग मिलकर 16.33 लाख पौधों का रोपण करेंगे। विभागवार लक्ष्य में सबसे अधिक ग्राम्य विकास विभाग को 8.53 लाख पौधे लगाने का दायित्व दिया गया है। इसके बाद कृषि विभाग 2.44 लाख, उद्यान विभाग 1.23 लाख, नगर विकास विभाग 1.17 लाख, पर्यावरण विभाग 78 हजार तथा अन्य विभाग अपने-अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधरोपण करेंगे।
प्रमुख विभागों का पौधरोपण लक्ष्य
• ग्राम्य विकास विभाग: 8,53,000 पौधे
• कृषि विभाग: 2,44,000 पौधे
• वन विभाग: 2,08,000 पौधे
• उद्यान विभाग: 1,23,000 पौधे
• नगर विकास विभाग: 1,17,200 पौधे
• पंचायती राज विभाग: 86,000 पौधे
• पर्यावरण विभाग: 78,000 पौधे
• रेशम विभाग: 19,000 पौधे
• उच्च शिक्षा विभाग: 11,900 पौधे
• सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग: 9,000 पौधे

