कोहरे को लेकर परिवहन निगम अलर्ट : रोडवेज बसों की रफ्तार की निगरानी, 31 बिंदुओं पर होगी फिटनेस जांच, चालकों का होगा मेडिकल टेस्ट
बसों में लगेंगे ऑल वेदर बल्ब, खराब वाइपर और टूटे शीशे वाली बसें नहीं चलेंगी, नशे में वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से होगी जांच
वाराणसी। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी रोडवेज प्रशासन अलर्ट हो गया है। सर्दियों में कम दृश्यता के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन निगम ने बसों की तकनीकी फिटनेस से लेकर चालकों के स्वास्थ्य और उनकी कार्यक्षमता तक की जांच कराने की तैयारी की है। इसके तहत सभी बसों में ऑल वेदर बल्ब लगाने के साथ वाइपर, शीशे और अन्य जरूरी उपकरणों को दुरुस्त कराया जा रहा है। वहीं, चालकों की आंखों और स्वास्थ्य की जांच के बाद ही उन्हें बस संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी।

रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) परशुराम पांडेय ने बताया कि कोहरे के मौसम को देखते हुए बसों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। प्रत्येक बस को 31 बिंदुओं पर तकनीकी परीक्षण से गुजरना होगा। इसमें बस की लाइट, वाइपर, शीशे और अन्य जरूरी उपकरणों की जांच शामिल है। कम दृश्यता के दौरान सड़क साफ दिखाई देने के लिए बसों में ऑल वेदर बल्ब लगाए जा रहे हैं। तकनीकी खामी मिलने पर उसे ठीक कराने के बाद ही बस को मार्ग पर भेजा जाएगा।

रात में ड्यूटी करने वाले चालकों की होगी काउंसलिंग
रात्रिकालीन और लंबी दूरी की बसों के चालकों को विशेष रूप से सतर्क किया जा रहा है। उनकी काउंसलिंग कर उन्हें बताया जा रहा है कि लगातार वाहन चलाने से थकान या नींद महसूस होने पर बस को सुरक्षित स्थान पर रोककर आराम करें। पर्याप्त आराम और चाय-पानी लेने के बाद ही आगे की यात्रा शुरू करें। कोहरे में नियंत्रित गति से वाहन चलाने और आगे चल रहे वाहनों से उचित दूरी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खराब वाइपर और टूटे शीशे वाली बसों पर रोक
यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों के शीशों और खिड़कियों की भी जांच कराई जा रही है। टूटे, ढीले शीशे और खराब वाइपर वाली बसों को सड़क पर संचालित नहीं किया जाएगा। सभी तकनीकी कमियों को दूर करने के बाद ही बसों को रूट पर भेजने की व्यवस्था की गई है।
ब्रेथ एनालाइजर से होगी चालकों की जांच
नशे में वाहन चलाने की आशंका को देखते हुए चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच भी की जाएगी। आरएम परशुराम पांडेय ने बताया कि ठंड और कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बसों की फिटनेस, चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण, काउंसलिंग और नशे की जांच जैसे सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोककर यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सफर उपलब्ध कराया जा सके।

