वाराणसी में जूनियर इंजीनियरों का प्रशिक्षण व संवाद कार्यक्रम, गर्मियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन की वाराणसी शाखा द्वारा शुक्रवार को प्रशिक्षण एवं संपर्क-संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के केंद्रीय नेतृत्व ने भाग लेते हुए अवर अभियंताओं और प्रोन्नत अभियंताओं को विभागीय तकनीकी विषयों पर प्रशिक्षण दिया तथा संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा की।

123

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष इंजीनियर जी.बी. पटेल तथा प्रांतीय महासचिव इंजीनियर ई.आर.ए. कुशवाहा उपस्थित रहे। पूर्वांचल अध्यक्ष इंजीनियर नीरज बिंद के पर्यवेक्षण में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद वाराणसी में कार्यरत अवर अभियंताओं और प्रोन्नत अभियंताओं को तकनीकी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि गर्मियों में ट्रांसफॉर्मरों पर लोड बढ़ने से उनके क्षतिग्रस्त होने की आशंका रहती है। ऐसे में तकनीकी उपायों और समयबद्ध निगरानी के माध्यम से ट्रांसफॉर्मर खराब होने की घटनाओं को कम किया जा सकता है। इससे उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

संगठन के प्रांतीय महासचिव इंजीनियर ई.आर.ए. कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि पावर कार्पोरेशन स्तर से जारी आदेशों को कई बार क्षेत्रीय या जनपद स्तर पर गलत ढंग से लागू किया जाता है, जिससे सदस्यों का उत्पीड़न होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का संगठन स्तर पर मजबूती से विरोध किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट रहकर विभाग, प्रदेश और उपभोक्ताओं की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की अपील की।

केंद्रीय अध्यक्ष इंजीनियर जी.बी. पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में जूनियर इंजीनियर संवर्ग कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे मामलों में अनावश्यक निलंबन, डिस्कॉम परिवर्तन और बिना कार्यावधि तय किए फेसियल अटेंडेंस जैसी व्यवस्थाएं कर्मचारियों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। संगठन का केंद्रीय नेतृत्व इन मुद्दों के समाधान और सदस्यों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में केंद्रीय उपमहासचिव इंजीनियर दीपक गुप्ता, विशेष आमंत्रित सदस्य इंजीनियर पुष्कर उपाध्याय, क्षेत्रीय अध्यक्ष इंजीनियर रोहित कुमार, जनपद अध्यक्ष इंजीनियर सतीश चंद्र बिंद, क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर अभिषेक मौर्य, जनपद उपाध्यक्ष इंजीनियर राहुल प्रकाश, जनपद सचिव इंजीनियर ज्योति भास्कर सिन्हा, संगठन सचिव इंजीनियर बृजेश कुमार और वित्त सचिव इंजीनियर लालबरत प्रजापति सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा पेंशनर प्रकोष्ठ के संरक्षक इंजीनियर अवधेश मिश्रा, अध्यक्ष इंजीनियर आई.पी. सिंह, शिव लखन राम गुप्ता, एस.डी. सिंह सहित बड़ी संख्या में अभियंता और संगठन के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष इंजीनियर सतीश बिंद ने की, जबकि संचालन इंजीनियर ज्योति भास्कर सिन्हा ने किया।

Share this story