देव दीपावली पर वाराणसी में लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, 57 पार्किंग स्थल और 10 मार्ग नो व्हीकल जोन घोषित, इन मार्गों पर प्रभावित रहेगा वाहनों का आवागमन 

WhatsApp Channel Join Now

ग्रीन कॉरिडोर से लेकर वीआईपी वाहनों तक के लिए अलग व्यवस्था, पांच होल्डिंग एरिया बनाए गए; रोडवेज और निजी बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित, रिंग रोड और एनएच-19 से होगा संचालन

पड़ाव से रामनगर चौराहा होते हुए टेंगरा मोड़ तक वाहनों की नो एंट्री, राजघाट पुल से नमो घाट तक पैदल आवागमन भी बंद, एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं को मिलेगी छूट

वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर काशी में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात और आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध रखने के लिए प्लान ए, बी और सी लागू किए जाएंगे। इसके तहत शहर में 57 पार्किंग स्थल, 10 मार्गों को नो व्हीकल जोन, पांच होल्डिंग एरिया और अलग-अलग ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं। चार पहिया वाहनों, बसों और वीवीआईपी के आवागमन के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा के अनुसार, यातायात डायवर्जन 24 नवंबर की दोपहर एक बजे से प्रभावी हो जाएगा। सभी मालवाहक वाहनों, रोडवेज और निजी बसों का संचालन रिंग रोड तथा एनएच-19 से कराया जाएगा। शहर के भीतर इनका प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। काशी डिपो और कैंट बस स्टेशन से संचालित होने वाली बसें दोपहर एक बजे से देर शाम तक हरहुआ में बनाए गए अस्थायी बस स्टेशन से संचालित होंगी।

57 स्थानों पर होगी वाहनों की पार्किंग
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में 57 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। वाहनों को उनके आगमन की दिशा और निर्धारित रूट के अनुसार पार्क कराया जाएगा। नमो घाट, दशाश्वमेध, अस्सी, सामने घाट, रामनगर और शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। नमो घाट जाने वाले वाहनों के लिए पार्किंग के अनुसार अलग रंग के पास जारी किए जाएंगे।


भैंसासुर और मैदागिन क्षेत्र की पार्किंग
मच्छोदरी पार्किंग मैदान में 50 दोपहिया और 20 चारपहिया, नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी में 100 दोपहिया और 50 चारपहिया, नगर निगम कूड़ाघर पार्किंग में 150 चारपहिया, काशी डिपो बस स्टेशन में 150 चारपहिया तथा भदऊ चुंगी के पास रेलवे विभाग के मैदान में 100 दोपहिया और 20 चारपहिया वाहनों की पार्किंग होगी। मैदागिन क्षेत्र में टाउनहाल मैदान में 100 दोपहिया और 50 चारपहिया, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने 100 दोपहिया और 35 चारपहिया, क्वींस इंटर कॉलेज मैदान में 500 दोपहिया, राजकीय आईटीआई कॉलेज में 500 दोपहिया और 50 चारपहिया, चित्रकूट रामलीला मैदान में 50 चारपहिया तथा संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान में 200 चारपहिया वाहनों की पार्किंग होगी।


दशाश्वमेध और गोदौलिया क्षेत्र
गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग में 200 दोपहिया, जय नारायण इंटर कॉलेज मैदान में 100 दोपहिया और चारपहिया, सनातन धर्म इंटर कॉलेज मैदान में 200 दोपहिया, मजदा पार्किंग में 200 दोपहिया और 200 चारपहिया, बेनियाबाग पार्किंग में 100 दोपहिया और 500 चारपहिया, सीएचएस स्कूल मैदान में 100 दोपहिया और 25 चारपहिया, बंगाली टोला विद्यालय मैदान में 100 दोपहिया तथा एंग्लो-बंगाली इंटर कॉलेज के मैदान और बाउंड्री के पास 100-100 चारपहिया वाहनों की पार्किंग होगी। द्वारिकाधीश मंदिर शंकुलधारा पोखरा के पास 200 दोपहिया और 200 चारपहिया वाहनों की व्यवस्था की गई है।


अस्सी और सामने घाट क्षेत्र
बीएचयू कैंपस और थाना लंका क्षेत्र में 200 चारपहिया, बाबा कीनाराम आश्रम के सामने सड़क के दोनों तरफ 100 दोपहिया और 100 चारपहिया, सनबीम स्कूल के बगल में 100 दोपहिया और 100 चारपहिया तथा कृष्णा वाटिका में 100 दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग होगी। वीआईपी पार्किंग रविदास पार्क में 50 दोपहिया और 30 चारपहिया, हरसेवानंद स्कूल मैदान में 200 चारपहिया, लौटूबीर पार्किंग में 200 चारपहिया और गढ़वाघाट पार्किंग में भी 200 चारपहिया वाहनों की व्यवस्था रहेगी।


रामनगर क्षेत्र
यहां पीएसी ग्राउंड में 5000 दोपहिया, रामबाग मैदान में 500 चारपहिया और 5000 दोपहिया, दुर्गा मंदिर मैदान में 15000 चारपहिया और 38000 दोपहिया, पंचवटी मैदान में 3000 चारपहिया और 5000 दोपहिया तथा लंका मैदान में 500 चारपहिया और 2500 दोपहिया वाहनों की पार्किंग होगी।
इसके अलावा कैंट, कचहरी, भोजूबीर, पांडेयपुर, शिवपुर, सारनाथ, आशापुर, संदहा, चौबेपुर, सिंधौरा, बाबतपुर, मोहनसराय, रोहनिया और मंडुआडीह की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें कैंटोनमेंट क्षेत्र, छोटा और बड़ा कटिंग मेमोरियल स्कूल मैदान, यूपी कॉलेज ग्राउंड, एलटी कॉलेज कैंपस, पहड़िया मंडी, आशापुर हवेलिया रोड, तिलमापुर चौराहा, शंकरपुर अंडरपास, गांधी इंटर कॉलेज गौरी कला, काशी कृषक कॉलेज, हरहुआ बस पार्किंग, मोहनसराय ट्रांसपोर्ट नगर, जगतपुर डिग्री कॉलेज, अखरी चौकी के पास खाली स्थान और बीएलडब्ल्यू-एफसीआई रोड पार्किंग शामिल हैं।


पांच स्थानों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया
भीड़ का दबाव बढ़ने पर श्रद्धालुओं और वाहनों को नियंत्रित करने के लिए पांच होल्डिंग एरिया निर्धारित किए गए हैं। रामनगर क्षेत्र में दुर्गा मंदिर और लंका मैदान, काशी जोन में संपूर्णानंद विश्वविद्यालय और बीएचयू कैंपस तथा वरुणा जोन में यूपी कॉलेज को होल्डिंग एरिया बनाया गया है।


पड़ाव से टेंगरा मोड़ तक नो व्हीकल जोन
देव दीपावली पर पड़ाव से रामनगर चौराहा होते हुए टेंगरा मोड़ तक नो व्हीकल जोन रहेगा। इस मार्ग पर वाहनों का संचालन बंद रहेगा और श्रद्धालु पैदल आवागमन करेंगे। पड़ाव से राजघाट पुल होकर नमो घाट की तरफ न तो वाहनों को जाने दिया जाएगा और न ही पैदल आवागमन की अनुमति होगी।

मिर्जापुर, सोनभद्र और एनएच-19 की तरफ से आने वाले वाहनों को टेंगरा मोड़ लूप से डायवर्ट कर लंका मैदान, पंचवटी तिराहा और दुर्गा मंदिर पार्किंग में भेजा जाएगा। इसके बाद रामबाग, पंचवटी और लंका मैदान में वाहन पार्क कराए जाएंगे। सामने घाट की तरफ से आने वाले चारपहिया वाहनों को रामनगर चौराहे से पंचवटी तिराहा की तरफ भेजा जाएगा। दोपहिया वाहनों को पीएसी तिराहा होते हुए पीएसी ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा।

हरहुआ, पांडेयपुर और भोजूबीर से आने वालों के लिए अलग रूट
हरहुआ की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को हरहुआ चौराहा और भेलखा हनुमान मंदिर कट से यू-टर्न कराकर रिंग रोड की तरफ भेजा जाएगा। चारपहिया वाहन गिलट बाजार चौराहे से शिवपुर चुंगी और सेंट्रल जेल होकर संचालित होंगे। सेंट्रल जेल चौराहे से चारपहिया वाहनों को फुलवरिया और नदेसर की तरफ भेजा जाएगा।

संदहा, आशापुर और पांडेयपुर की तरफ से आने वाले चारपहिया वाहन काली माता मंदिर से भक्तिनगर होते हुए आजमगढ़ अंडरपास और रिंग रोड के रास्ते हरहुआ व गिलट बाजार की तरफ जाएंगे। इन्हें पांडेयपुर ओवरब्रिज, पांडेयपुर चौराहा, ताड़ीखाना और पुलिस लाइन की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी।

सिंधौरा की तरफ से आने वाले वाहन भोजूबीर, जेपी मेहता, सेंट्रल जेल और अंबेडकर चौराहा होते हुए मिंट हाउस की तरफ जाएंगे। जेपी मेहता से भोजूबीर की तरफ वाहनों का संचालन नहीं होगा। नदेसर की तरफ आने वाले वाहनों को जरूरत के अनुसार बड़ा कटिंग, छोटा कटिंग मैदान, कैंटोनमेंट क्षेत्र और सड़क के दोनों किनारों पर पार्क कराया जाएगा।

चांदपुर, लहरतारा और मंडुआडीह में भी डायवर्जन
मोहनसराय, रोहनिया, परमपुर, अकेलवा और लोहता की तरफ से चांदपुर चौराहे पर आने वाले चारपहिया वाहनों को जरूरत के अनुसार यू-टर्न कराकर चांदपुर-रोहनिया रोड की सर्विस लेन और लोहता मार्ग पर पार्क कराया जाएगा। चांदपुर चौराहे से आने वाले वाहनों को बौलिया तिराहे से फुलवरिया और लहरतारा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

फुलवरिया ओवरब्रिज से आने वाले चारपहिया वाहन लहरतारा चौराहे से संचालित होंगे। जरूरत पड़ने पर इन्हें ओवरब्रिज से ही मंडुआडीह की तरफ भेज दिया जाएगा। लहरतारा से कैंट स्टेशन जाने वाले वाहनों को कैंट अंडरब्रिज से स्टेशन और बस स्टेशन की तरफ भेजकर यू-टर्न कराया जाएगा। अन्य वाहनों को कैंसर अस्पताल से सनबीम लहरतारा की तरफ डायवर्ट कर एनईआर रेलवे मैदान में पार्क कराया जाएगा।

मंडुआडीह चौराहे से चारपहिया वाहनों को महमूरगंज, आकाशवाणी, सिगरा और साजन तिराहे की तरफ जाने दिया जाएगा। दबाव बढ़ने पर वाहनों को एनईआर पार्किंग और मंडुआडीह स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर आठ के सामने एफसीआई रोड पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।

अस्सी और बीएचयू की तरफ जाने के लिए व्यवस्था
अखरी, चितईपुर, भिखारीपुर और सुंदरपुर की तरफ से आने वाले चारपहिया वाहनों को नरिया गेट से बीएचयू में प्रवेश कराकर परिसर के अंदर पार्क कराया जाएगा। नरिया से मालवीय चौराहे की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर अखरी से भिखारीपुर की तरफ भी वाहनों का संचालन बंद कर उन्हें मोहनसराय की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

पुराना रमना पुलिस चौकी अंडरपास से शहर में आने वाले चारपहिया वाहन सीर तिराहे से रविदास मंदिर होते हुए पार्किंग स्थल और सीर गेट बीएचयू के रास्ते परिसर में पार्क होंगे। मालवीय चौराहे से पशुपति चौकी की तरफ आने वाले वाहनों को पशुपति चौराहे से कीनाराम आश्रम तक सड़क के दोनों किनारों पर पार्क कराया जाएगा। इन्हें बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा, ब्रॉडवे, अस्सी और भेलूपुर की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

राजघाट पुल बंद, सामने घाट पुल से दोपहिया और पैदल आवागमन
गंगा के पुलों पर भी अलग व्यवस्था लागू रहेगी। राजघाट गंगापुल पर नमो घाट से पड़ाव के बीच वाहनों और पैदल यात्रियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रामनगर जाने के लिए सामने घाट पुल से दोपहिया वाहन और पैदल आवागमन की अनुमति होगी। सारनाथ से चंदौली के बीच बभनपुरा और विश्वसुंदरी गंगापुल से सभी प्रकार के वाहनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।

चार ग्रीन कॉरिडोर से मिलेगी आपातकालीन सेवाओं को राह
आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध रखने के लिए नमो घाट, राजघाट, दशाश्वमेध, अस्सी और रामनगर क्षेत्र में ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं।

नमो घाट और राजघाट क्षेत्र का ग्रीन कॉरिडोर
नमो घाट से गोलगड्डा, चौकाघाट, लहुराबीर होते हुए कबीरचौरा अस्पताल तक। दूसरा मार्ग चौकाघाट से पुलिस लाइन चौराहा, दीनदयाल अस्पताल, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और महावीर चौराहा होते हुए इनफिनिटी अस्पताल तक रहेगा। तीसरा मार्ग चौकाघाट से कैंट ओवरब्रिज, लहरतारा, भिखारीपुर, नरिया और मालवीय चौराहे से बीएचयू तक होगा।

दशाश्वमेध और अस्सी क्षेत्र का ग्रीन कॉरिडोर
गोदौलिया से ब्रॉडवे, ओरियाना अस्पताल, रविदास गेट, हेरिटेज अस्पताल और मालवीय चौराहा होते हुए बीएचयू तक।

 

रामनगर क्षेत्र का ग्रीन कॉरिडोर
पड़ाव से डोमरी, रामनगर चौराहा होते हुए लाल बहादुर शास्त्री जिला अस्पताल रामनगर तक।

एडीसीपी यातायात ने बताया कि एंबुलेंस और अन्य महत्वपूर्ण वाहनों के संचालन पर डायवर्जन प्लान ए, बी और सी में भी प्रतिबंध नहीं रहेगा। निर्धारित पास वाले चारपहिया वाहन, टेंपो ट्रैवलर और बसें भी नमो घाट पार्किंग तक जा सकेंगी। पास लगे वाहनों के लिए हरहुआ, गिलट बाजार, अर्दली बाजार और पुलिस लाइन चौराहे से नमो घाट तक तथा लहरतारा चौराहे से कैंट ओवरब्रिज होते हुए नमो घाट पार्किंग तक अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

श्रद्धालुओं के लिए 10 पैदल मार्ग निर्धारित
देव दीपावली पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 10 मार्ग पैदल आवागमन के लिए निर्धारित किए गए हैं। इनमें मैदागिन से बुलानाला होते हुए गोदौलिया, लक्सा थाना से रामापुरा, अग्रवाल तिराहा से अस्सी, रविदास घाट और नगवा चौराहा, बीओबी तिराहा से अस्सी, पद्मश्री से अस्सी चौराहा, ब्रॉडवे तिराहा से अग्रवाल तिराहा, सोनारपुरा होते हुए गोदौलिया, लहुराबीर से काशिका, पिपलानी तिराहा होते हुए मैदागिन, लहुराबीर से बेनिया तिराहा, बहादुरपुर रोड से पड़ाव होते हुए रामनगर चौराहा तथा पड़ाव से सूजाबाद होकर राजघाट पुल और नमो घाट की तरफ जाने वाले मार्ग शामिल हैं।

सिटी बसों और ऑटो-ई-रिक्शा का भी बदला रहेगा रूट
सिटी बसों का संचालन संदहा से रिंग रोड, आजमगढ़ अंडरपास, हरहुआ, गिलट बाजार, सेंट्रल जेल, फुलवरिया, लहरतारा, भिखारीपुर, नरिया होते हुए बीएचयू तक होगा। सेंट्रल जेल से अंबेडकर चौराहा, मिंट हाउस और कैंट रेलवे स्टेशन तक भी बसें चलेंगी।

जगतपुर डिग्री कॉलेज से चांदपुर चौराहा, लहरतारा, कैंट अंडरब्रिज, कैंट रेलवे स्टेशन, चौकाघाट, सिटी स्टेशन, गोलगड्डा और लाट भैरव अंडरब्रिज होते हुए बसें वापस कैंट बस स्टेशन तक संचालित होंगी।

ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। संदहा और आशापुर से काली माता मंदिर, पांडेयपुर, लमही और आजमगढ़ अंडरपास तक संचालन होगा। हरहुआ से गिलट बाजार, सेंट्रल जेल, इमलिया घाट, कैंटोनमेंट और कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर नौ तक आवागमन होगा। सिंधौरा और टीएफसी से भोजूबीर, जेपी मेहता, अंबेडकर चौराहा, मिंट हाउस होते हुए कैंट स्टेशन तक भी निर्धारित मार्ग रहेगा।
कैंट स्टेशन से कैंसर अस्पताल, सनबीम लहरतारा, महमूरगंज, मंडुआडीह, ककरमत्ता, भिखारीपुर, नरिया, करौंदी और चितईपुर तक ऑटो-ई-रिक्शा चलेंगे। इसके अलावा कैंट स्टेशन से धर्मशाला, सब्जी मंडी, साजन तिराहा और मलदहिया तथा लहरतारा से सनबीम, इंद्रप्रस्थ कम्युनिटी हॉल, नगर निगम चौकी, भारत सेवाश्रम और साजन तिराहे तक अलग मार्ग निर्धारित किया गया है।

बसों का संचालन रिंग रोड और एनएच-19 से
काशी डिपो और कैंट बस स्टेशन से संचालित होने वाली राजकीय बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर की तरफ से आने वाली बसें रिंग रोड, हरहुआ, बावनबीघा और संदहा अंडरपास से संचालित होंगी। चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और भदोही की तरफ से आने वाली बसों को ठिकाना ढाबा, मोहनसराय और परमपुर-सजोई अंडरपास की तरफ से संचालित किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने महानगर क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ने पर प्लान ए और बी के अनुसार चारपहिया और दोपहिया वाहनों के संचालन पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने की भी तैयारी की है। सामान्य स्थिति में चारपहिया वाहनों का संचालन प्रभावित नहीं होगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए देव दीपावली के आयोजन में शामिल हों।

BK Pathak
BK Pathak

21939 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story