लंका क्षेत्र में ट्रैफिक सिपाही पर अवैध वसूली का आरोप, युवक का वीडियो वायरल 

WhatsApp Channel Join Now

रिपोर्टर-ओमकारनाथ 

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक ट्रैफिक सिपाही पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों को रोककर रुपये मांगने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के बीच मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इसकी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि वीडियो में युवक बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से आने वाली गाड़ियों को विशेष रूप से रोककर चेकिंग किए जाने का आरोप लगा रहा है। युवक का दावा है कि वाहनों के कागजात जांचने और कार्रवाई का डर दिखाकर कथित तौर पर सुविधा शुल्क मांगा जाता है। वीडियो में युवक और ट्रैफिक सिपाही के बीच बातचीत भी रिकॉर्ड हुई है, जिसे वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद विभाग की किरकिरी हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि वीडियो में लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो यह मामला केवल एक कर्मचारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे पूरे ट्रैफिक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होंगे। लोगों का कहना है कि पुलिस और ट्रैफिक विभाग का दायित्व आम जनता को सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है, लेकिन इस तरह के आरोप विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। लोगों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

Share this story