लोलार्क कुंड स्नान पर्व को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, छह प्रमुख मार्ग नो-व्हीकल जोन, अस्सी की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक, अलग-अलग क्षेत्रों में बनाई गई पार्किंग व्यवस्था
वाराणसी। सूर्य षष्ठी और लोलार्क कुंड स्नान पर्व को लेकर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी यातायात पुलिस ने दो दिनों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 16 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 17 सितंबर की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान अस्सी, लोलार्क कुंड, रविदास घाट और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस ने छह प्रमुख मार्गों को नो-व्हीकल जोन घोषित करते हुए वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, कमिश्नरेट वाराणसी की ओर से जारी यातायात सलाह के अनुसार पर्व के दौरान अस्सी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए अस्सी चौराहा और लोलार्क कुंड की ओर आने वाले वाहनों को विभिन्न स्थानों से ही रोककर दूसरे मार्गों की ओर भेजा जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही प्रयोग करें।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा से अस्सी चौराहा: बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से अस्सी चौराहा की तरफ किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों को पद्मश्री चौराहा और रविदास गेट रोड की तरफ भेजा जाएगा।
नगवां चौराहा से रविदास पार्क: नगवां चौराहा से रविदास पार्क और अस्सी घाट की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग से आने वाले वाहनों को ट्रामा सेंटर और रविदास गेट की तरफ भेजा जाएगा।
पद्मश्री चौराहा से अस्सी: पद्मश्री चौराहा से अस्सी चौराहा की ओर नो एंट्री रहेगी। वाहनों को ब्रॉडवे होटल और दुर्गाकुंड की तरफ भेजा जाएगा।
शिवाला मोड़ से अस्सी: शिवाला मोड़ से अस्सी चौराहा की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहनों को ब्रॉडवे तिराहा और पद्मश्री चौराहा की तरफ मोड़ा जाएगा।
ब्रॉडवे होटल तिराहा से सोनारपुरा: ब्रॉडवे होटल तिराहा से सोनारपुरा की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को रवींद्रपुरी कॉलोनी रोड और विजया तिराहा की तरफ भेजा जाएगा।
सोनारपुरा तिराहा से अस्सी: सोनारपुरा तिराहा से अस्सी चौराहा की ओर भी नो एंट्री रहेगी। यहां से आने वाले वाहनों को गोदौलिया और भेलूपुर चौराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
छह मार्ग नो-व्हीकल जोन
यातायात पुलिस ने पर्व के दौरान छह मार्गों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया है। इनमें बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा से अस्सी चौराहा, नगवां चौराहा से रविदास घाट, पद्मश्री चौराहा से अस्सी चौराहा, शिवाला तिराहा से अस्सी चौराहा, ब्रॉडवे तिराहा से सोनारपुरा और सोनारपुरा से अस्सी चौराहा शामिल हैं। इन मार्गों पर निजी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस का उद्देश्य इन रास्तों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए सुगम बनाए रखना है।
अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग
यातायात पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं। मैदागिन की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टाउन हॉल मैदागिन, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने खाली मैदान और नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
बेनिया की तरफ से आने वाले वाहन राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज मैदान और बेनिया पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे। दोपहिया वाहनों के लिए सनातन धर्म इंटर कॉलेज और गोदौलिया पार्किंग का प्रयोग किया जा सकेगा।
लक्सा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मजदा पार्किंग और दोपहिया वाहनों के लिए गोदौलिया पार्किंग निर्धारित की गई है।
वहीं भेलूपुर और बीएचयू की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भेलूपुर थाने के पास सिनेमा हॉल का मैदान दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया है। इसके अलावा बाबा कीनाराम आश्रम से आचार्य रामचंद्र शुक्ल चौराहा और रवींद्रपुरी तक सड़क के दोनों तरफ भी पार्किंग व्यवस्था की गई है।
आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंध से छूट
यातायात पुलिस के अनुसार शव वाहन, बीमार और दिव्यांग व्यक्तियों के वाहन, एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड को यातायात प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। आपात स्थिति में इन वाहनों के आवागमन को सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
लोलार्क कुंड स्नान पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों पर ले जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था का उद्देश्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम और सुरक्षित बनाए रखना है।
दिक्कत हो तो कंट्रोल रूम में करें फोन
किसी भी यातायात संबंधी परेशानी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 7839856994 और हेल्पलाइन नंबर 7317202020 पर संपर्क किया जा सकता है।

