संपूर्ण समाधान दिवस :  डीएम ने राजातालाब तहसील में सुनी फरियाद, 350 में मात्र 16 शिकायतों का निस्तारण 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील राजातालाब में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में 350 शिकायतें आईं, इनमें मात्र 16 का मौके पर निस्तारण हो सका। 

संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, कृषि, खाद्य एवं रसद, पंचायतीराज, विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 350 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 16 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

123

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों का निस्तारण पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर सत्यापन करने के बाद किया जाए, ताकि विवादों का निष्पक्ष और स्थायी समाधान हो सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का पारदर्शी, न्यायसंगत और समयबद्ध समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यदि किसी अधिकारी द्वारा शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता बरती गई तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिक स्तर पर ही करने का प्रयास किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर एडीसीपी वरुणा लिपि नाग्याच, उपजिलाधिकारी शान्तनु कुमार, तहसीलदार शालिनी सिंह सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story