रेलमंत्री और मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर वाराणसी में सुरक्षा का सख्त पहरा, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
बनारस स्टेशन से वंदेभारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस आयुक्त ने राजपत्रित अधिकारियों को किया ब्रीफ, ड्रोन-कैमरे से होगी निगरानी
वीआईपी रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम; होटल, ढाबों और गेस्ट हाउस की होगी सघन चेकिंग, बिना तलाशी किसी को नहीं मिलेगा प्रवेश
वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन से वंदेभारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के प्रस्तावित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री के आगमन को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि वीआईपी सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की लगातार निगरानी करें।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक अधिकारी अपने ड्यूटी स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों को मौके पर ही ब्रीफ करे। उन्हें उनकी जिम्मेदारियों, ड्यूटी के दौरान किए जाने वाले कार्यों और बरती जाने वाली सावधानियों की स्पष्ट जानकारी दी जाए। सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभाल लें। किसी भी प्वाइंट पर पुलिस बल की कमी या अनुपस्थिति नहीं होनी चाहिए।
वीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर कड़ी निगरानी
मुख्यमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री के आगमन, प्रस्थान और भ्रमण मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। वीआईपी रूट के प्रमुख चौराहों, गलियों, कट और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। कार्यक्रम स्थल के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत चेकिंग और तलाशी होगी। बिना जांच किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिलाओं की तलाशी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही कराई जाएगी।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
कार्यक्रम स्थल, वीआईपी रूट और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों की ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
होटल-ढाबों और गेस्ट हाउस की होगी चेकिंग
पुलिस आयुक्त ने असामाजिक और संदिग्ध तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा। इसके लिए होटल, ढाबे, गेस्ट हाउस और अन्य ठहरने वाले स्थानों पर सघन चेकिंग एवं आवश्यकतानुसार सत्यापन कराया जाएगा। किसी भी संभावित सुरक्षा चूक को रोकने के लिए समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
यातायात और भीड़ प्रबंधन की बनेगी प्रभावी व्यवस्था
वीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। जरूरत के अनुसार डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो। वीआईपी रूट की गलियों, कट, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए रस्सों और बैरिकेडिंग का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही आमजन और आपातकालीन वाहनों के आवागमन की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी से समन्वय
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस, रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के बीच बेहतर समन्वय रखने को कहा गया। सभी प्रभारी अधिकारी अपने अधीनस्थों के साथ निरंतर संपर्क में रहेंगे। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल निर्णय लेकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी क्षेत्रों का लगातार भ्रमण और पर्यवेक्षण करने तथा पुलिसकर्मियों की सतर्कता एवं अनुशासन की निगरानी करने के निर्देश दिए। ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।

