डोमरी के मियावाकी वन की कड़ी सुरक्षा: 25 सीसीटीवी कैमरे, 10 गार्ड और 20 हाईमास्ट लाइटें, निगरानी को बनेगा कंट्रोल रूम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। डोमरी क्षेत्र में मियावाकी तकनीक से विकसित किए जा रहे ‘ऑक्सीजन क्लब’ वन को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक वीडियो पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। वन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 25 सीसीटीवी कैमरे, 10 सुरक्षा गार्ड और 20 हाईमास्ट लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया है। वहीं निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्थलीय निरीक्षण कर स्पष्ट किया कि वन को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पर्यावरण संरक्षण की इस महत्वपूर्ण परियोजना को बाधित करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में थाने में तहरीर भी दी गई है। मंगलवार को महापौर और नगर आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लगाए गए पौधे सुरक्षित और स्वस्थ हैं तथा उनकी नियमित सिंचाई की जा रही है। महापौर ने कहा कि मियावाकी तकनीक वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित पद्धति है और शहर के पर्यावरण सुधार के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और हरित पहल में सहयोग करें।

सुरक्षा को लेकर नगर आयुक्त ने मौके पर ही अहम निर्णय लिए। वन क्षेत्र की निगरानी के लिए 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। रात्रि में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु 20 हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त तत्काल प्रभाव से 10 सुरक्षा गार्डों की तैनाती कर दी गई है, जो 24 घंटे वन क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि सरकारी पौधों को नुकसान पहुंचाना, उन्हें उखाड़ना या मवेशियों के माध्यम से हानि पहुंचाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों को जेल भेजा जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की रक्षा के लिए अब किसी भी प्रकार की लापरवाही या शरारत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share this story