बरेका में गोल्फ का रोमांचक समापन: सुनीत चौरेसिया ने लगातार तीसरी जीत से रचा इतिहास
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन-वाराणसी का खिताब किया अपने नाम, मुख्य टूर के लिए भी किया क्वालीफाई
वाराणसी। बरेका के बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में आयोजित 25 लाख रुपये की इनामी राशि वाले प्रतिष्ठित डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन–वाराणसी गोल्फ टूर्नामेंट का शानदार समापन हुआ। तीन दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद कोलकाता के प्रतिभाशाली गोल्फर सुनीत चौरेसिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। पुरस्कार वितरण समारोह में बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
31 वर्षीय सुनीत चौरेसिया ने टूर्नामेंट के अंतिम दौर में 73 का स्कोर बनाया और कुल छह-अंडर 204 के स्कोर के साथ चार स्ट्रोक के अंतर से जीत दर्ज की। उनके स्कोर क्रमशः 67, 64 और 73 रहे। इस जीत के साथ उन्होंने लगातार तीसरा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया। इससे पहले वह मार्च में पटना गोल्फ क्लब में आयोजित अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी गोल्फ चैंपियनशिप तथा हाल ही में लखनऊ में आयोजित विजय कुमार मेमोरियल प्रतियोगिता के विजेता भी रहे थे।

सुनीत ने नेक्सजेन टूर के इतिहास में लगातार तीन प्रतियोगिताएं जीतने वाले पहले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्हें 3,17,875 रुपये की पुरस्कार राशि मिली। वहीं पूरे सत्र में कुल 10,04,393 रुपये की कमाई के साथ उन्होंने वर्ष 2026 के डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट का खिताब भी अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के मुख्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर में खेलने का अधिकार भी सुनिश्चित कर लिया।
महान भारतीय गोल्फर एस.एस.पी. चौरेसिया के भतीजे सुनीत ने वर्ष 2010 में मणीराम द्वारा बनाए गए एक ही नेक्सजेन सीजन में तीन जीत के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। प्रतियोगिता में मथुरा के मुकीम अली और कोलकाता के सौविक नायक दो-अंडर 208 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। स्थानीय खिलाड़ी और बरेका कर्मचारी हेमंत यादव ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दूसरे दौर में छह-अंडर 64 का स्कोर बनाकर कोर्स रिकॉर्ड की बराबरी की थी। हालांकि अंतिम दौर में 77 का स्कोर करने के बाद वह कुल इवन-पार 210 के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे। उनके साथ गुरुग्राम के निखिल शर्मा और दिल्ली के पवन कुमार भी चौथे स्थान पर रहे। पवन कुमार ने अंतिम दौर में छह-अंडर 64 का स्कोर बनाकर कोर्स रिकॉर्ड की बराबरी की।
लखनऊ के राजेश कुमार गौतम छह-ओवर 216 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 17वें स्थान पर रहे। उन्हें 44,125 रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई और वे 7,25,185 रुपये की कुल कमाई के साथ ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे स्थान पर बने रहे। अपनी ऐतिहासिक जीत के बाद सुनीत चौरेसिया ने कहा कि मुख्य टूर के लिए अपना कार्ड हासिल करना उनके करियर की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि चोट से वापसी के बाद लगातार सफलता मिलना बेहद संतोषजनक है और अब उनका लक्ष्य मुख्य टूर पर बेहतर प्रदर्शन करना है।
पुरस्कार वितरण समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं अध्यक्ष, बरेका क्रीड़ा संघ मनीष कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) एवं सचिव, बरेका गोल्फ कोर्स अनुराग कुमार गुप्ता, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर (मुख्यालय) एवं कैप्टन, बरेका गोल्फ कोर्स शिशिर त्यागी, उप महाप्रबंधक सागर, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार तथा पीजीटीआई के डायरेक्टर ऑपरेशन प्रभाश ठाकुर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन के साथ बरेका का बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स देश के प्रमुख पेशेवर गोल्फ स्थलों में अपनी पहचान और मजबूत करने में सफल रहा तथा वाराणसी ने भारतीय गोल्फ जगत में अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई।

