बरेका में तीन दिवसीय अंतर रेलवे कुश्ती चैंपियनशिप, देशभर के पहलवान दिखाएंगे दमखम
67वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे कुश्ती चैंपियनशिप में 13 टीमें लेंगी हिस्सा, करीब 350 खिलाड़ी, प्रशिक्षक व अधिकारी होंगे शामिल
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में 29 सितंबर से 01 अक्टूबर तक 67वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे कुश्ती चैंपियनशिप-2026 का आयोजन होगा। भारतीय रेल की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रीय रेलवे, उत्पादन इकाइयों और रेलवे बोर्ड की 13 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में करीब 350 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, अधिकारी, निर्णायक और अन्य प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
चैंपियनशिप में फ्री स्टाइल और ग्रीको-रोमन कुश्ती के विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले होंगे। फ्री स्टाइल में 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97 और 125 किलोग्राम, जबकि ग्रीको-रोमन में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 और 130 किलोग्राम भार वर्ग के पहलवान मैट पर उतरेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे, मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, बनारस रेल इंजन कारखाना, रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड, पश्चिम मध्य रेलवे और दक्षिण पश्चिम रेलवे की टीमें भाग लेंगी।
29 सितंबर को होगा उद्घाटन
चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह 29 सितंबर को बरेका कुश्ती केंद्र में होगा। मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत होंगे। समारोह में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक, निर्णायक और विभिन्न टीमों के खिलाड़ी मौजूद रहेंगे।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पहलवान अपनी शक्ति, तकनीकी कौशल, रणनीति और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न भार वर्गों में होने वाले मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा में अपनी प्रतिभा और क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवानों सहित अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का आकर्षण बढ़ेगा।
अंतर रेलवे कुश्ती चैंपियनशिप भारतीय रेल की खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से रेलकर्मी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में प्रतिभा निखारने और प्रदर्शन बेहतर करने का अवसर मिलता है। साथ ही खिलाड़ियों में अनुशासन, समर्पण और खेल भावना को बढ़ावा मिलता है। बरेका प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए तैयारियां की जा रही हैं। कुश्ती के दांव-पेच और रोमांच से भरपूर मुकाबले खेलप्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

