बाबतपुर एयरपोर्ट की तीन दिवसीय डीजीसीए ऑडिट पूरा, रनवे सुरक्षा और निर्माण कार्य की हुई गहन जांच
वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से चलाया जा रहा तीन दिवसीय रूटीन ऑडिट शुक्रवार को पूरा हो गया। अंतिम दिन अधिकारियों ने एयरपोर्ट के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और रनवे विस्तार कार्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की मौके पर जांच की। हाल में रनवे पर गिट्टी का मलबा मिलने की घटना को देखते हुए निर्माण स्थल और रनवे के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।
डीजीसीए की टीम में प्रमोद कुमार और सत्यप्रकाश राय शामिल रहे। बुधवार से शुरू हुए ऑडिट के दौरान पहले दिन एयरपोर्ट की समग्र संचालन व्यवस्था की समीक्षा की गई। दूसरे दिन एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी), रनवे और अन्य ऑपरेशनल क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों से निर्धारित प्रक्रियाओं और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेने के साथ रिकॉर्ड और दस्तावेजों का भी परीक्षण किया।
शुक्रवार को ऑडिट के अंतिम दिन रनवे विस्तार कार्य से जुड़े सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई। करीब दस दिन पहले रात में निर्माण कार्य के दौरान रनवे पर गिट्टी का मलबा फैलने से विमान संचालन करीब तीन घंटे प्रभावित हुआ था। इस घटना के बाद निर्माण कार्य के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।
डीजीसीए अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर यह देखा कि काम के दौरान गिट्टी, मलबा अथवा अन्य निर्माण सामग्री रनवे तक न पहुंचे। साथ ही निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विमान संचालन के लिए रनवे सौंपने से पहले उसकी पूरी तरह सफाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था की भी जांच की गई।

