आंधी और कम दृश्यता से नहीं हो सकी लैंडिंग, वाराणसी की तीन उड़ानें लखनऊ डायवर्ट

VARANASI AIRPORT
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अचानक बदले मौसम ने सोमवार शाम लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की हवाई सेवाओं को प्रभावित कर दिया। तेज आंधी और कम दृश्यता के कारण वाराणसी पहुंचने वाली तीन उड़ानों की लैंडिंग नहीं हो सकी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एटीसी के निर्देश पर तीनों विमानों को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। इनमें बंगलूरू से आने वाली दो और हैदराबाद की एक उड़ान शामिल रही।

जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स 1540 बंगलूरू से शाम 5:55 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान मौसम खराब होने के कारण विमान को रनवे पर उतारना संभव नहीं हुआ। एटीसी के निर्देश पर विमान को लखनऊ भेज दिया गया।

इसी तरह इंडिगो की उड़ान 6ई 6596 को बंगलूरू से शाम 5:45 बजे वाराणसी पहुंचना था, लेकिन यह करीब 30 मिनट की देरी से 6:15 बजे हवाई क्षेत्र में पहुंची। मौसम की स्थिति अनुकूल नहीं होने के कारण इसकी भी लैंडिंग नहीं हो सकी और विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। हैदराबाद से वाराणसी पहुंची इंडिगो की उड़ान 6ई 501 भी खराब मौसम की वजह से एयरपोर्ट पर उतर नहीं सकी। सुरक्षा कारणों से इस विमान को भी लखनऊ भेज दिया गया।

तीनों उड़ानों के डायवर्ट होने से वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री विमानों के पहुंचने का इंतजार करते रहे और एयरपोर्ट पर उड़ानों की स्थिति की जानकारी लेते रहे। मौसम में सुधार के बाद तीनों विमानों ने रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच लखनऊ से वाराणसी के लिए उड़ान भरी।

वाराणसी एयरपोर्ट पर मौसम अनुकूल होने के बाद तीनों विमानों की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसके बाद विमान अपने निर्धारित अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार खराब मौसम, तेज हवा या कम दृश्यता की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। परिस्थितियां सामान्य होने तक विमानों की लैंडिंग रोकने या उन्हें दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करने का निर्णय लिया जाता है।

Share this story