गर्मी की छुट्टियों में वाराणसी-अयोध्या से दिल्ली के लिए चलेंगी तीन समर स्पेशल ट्रेनें, जानिये रूट और शेड्यूल
वाराणसी। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने वाराणसी और अयोध्या से दिल्ली के लिए तीन समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) कुलदीप तिवारी ने बताया कि वाराणसी से दिल्ली के बीच ट्रेन संख्या 04209 का संचालन 15 से 20 अप्रैल और फिर 27 अप्रैल से 15 जुलाई तक किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन -सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को वाराणसी से रात 10:15 बजे प्रस्थान कर अयोध्या होते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 04213 आनंद विहार टर्मिनल से रविवार और गुरुवार को शाम 6:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह वाराणसी पहुंचेगी। इसका संचालन 16 अप्रैल से किया जाएगा। यह ट्रेन अयोध्या से शाम 6.20 बजे रवाना होकर लखनऊ के रास्ते सुबह 6.00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
इसके अलावा एक अन्य समर स्पेशल ट्रेन 04203 20 अप्रैल से 13 जुलाई तक हर सोमवार को चलाई जाएगी, जो सुबह 8:05 बजे लखनऊ से चलकर शाम 6:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों में वातानुकूलित, शयनयान (स्लीपर) और सामान्य श्रेणी के कोच रहेंगे।

