रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था देह व्यापार का अड्डा, आपत्तिजनक हाल में पकड़े गए तीन पुरुष और चार महिलाएं, आधी रात पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने आधी रात को बड़ी कार्रवाई की। सिगरा थाना क्षेत्र के परेड कोठी इलाके में गेस्ट हाउस पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार का खुलासा किया गया। पुलिस ने मौके से चार महिलाओं, तीन पुरुषों और एक गेस्ट हाउस संचालक समेत कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ कर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

बस सर्विस और भोजनालय की आड़ में चल रहा था गेस्ट हाउस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संबंधित परिसर में बस सर्विस और भोजनालय की आड़ में गेस्ट हाउस संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि यहां स्पेशल सर्विस के नाम पर अनैतिक देह व्यापार की गतिविधियां संचालित हो रही थीं। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। गेस्ट हाउस के संचालन और वहां कथित रूप से चल रही गतिविधियों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

एसीपी चेतगंज के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
छापेमारी की जानकारी मिलने पर एसीपी चेतगंज शुभम जैन भी जांच टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गेस्ट हाउस में किस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही थीं और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य
पुलिस की ओर से मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

