बनारस रेलवे स्टेशन पर 7 लाख की चोरी का खुलासा, पांच दिन बाद दो शातिर चोर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन स्थित एक खानपान स्टॉल से करीब सात लाख रुपये से भरे बैग की चोरी के मामले का जीआरपी ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के पांच दिन बाद जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके एक सहयोगी को दबोच लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से लगभग 3.93 लाख रुपये नकद, दो चोरी किए गए मोबाइल फोन तथा एक अन्य मोबाइल बरामद किया है।

बनारस रेलवे स्टेशन के खानपान स्टॉल से नकदी से भरा एक बैग चोरी हो गया था। बैग में करीब सात लाख रुपये रखे हुए थे। घटना के बाद स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी, आरपीएफ और क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (सीआईबी) की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार छानबीन करते हुए पांच दिन के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से चोरी की रकम का एक बड़ा हिस्सा बरामद हुआ है। इसके अलावा दो चोरी के मोबाइल फोन और एक अन्य मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब चोरी की शेष रकम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक राजौल नागर ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर हुई इस चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम द्वारा लगातार निगरानी और जांच की जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Share this story