बंद मकान में लाखों की चोरी का खुलासा, चितईपुर पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान चोरी करने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, एक टैबलेट और अन्य सामान बरामद किया है।
3 जून को पीड़ित ने थाना चितईपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 6 जून को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रज्ञानगर कॉलोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रज्ञानगर कॉलोनी, सुंदरपुर निवासी अनुज साहनी और नासिरपुर निवासी आकाश पटेल के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया। बरामद वस्तुओं में सोने के झुमके, टॉप्स, बाली, अंगूठियां, चैन, हार, लॉकेट सहित विभिन्न आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की कटोरी, चम्मच, पायल, बिछिया, सिक्के, कड़े तथा भगवान कृष्ण, लक्ष्मी और गणेश जी की चांदी की मूर्तियां भी बरामद की गईं। पुलिस ने एक लेनोवो टैबलेट और अन्य आर्टिफिशियल ज्वैलरी भी बरामद की है।
बरामद सामान की पहचान पीड़ित द्वारा अपने चोरी गए सामान के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। चितईपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

