वाराणसी में 15 लाख की चोरी का खुलासा, सैकड़ों CCTV खंगालने के बाद शातिर चोर गिरफ्तार, सोने के आभूषण समेत कीमती सामान बरामद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है और वह कई जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।

एसीपी चेतगंज शुभम सिंह के अनुसार 23 अप्रैल को सिगरा थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज चौकी इलाके में रहने वाले एक अध्यापक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने के बहुमूल्य आभूषण, वाहन की चाबी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई थी। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार तकनीकी और मैनुअल जांच के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान ‘पंगा’ नामक शातिर चोर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है और फिलहाल प्रयागराज में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है।

Share this story