मिर्जामुराद में दिनदहाड़े चोरी, दुकान से काउंटर उठा ले गए चोर, रखे थे 75 हजार नकदी व अहम दस्तावेज
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की एक वारदात ने स्थानीय व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रुपापुर स्थित एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से अज्ञात चोर नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा पूरा काउंटर उठाकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब दुकान पर मौजूद दुकानदार के पिता को कुछ देर के लिए झपकी आ गई। मामले की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
भोजपुर (रुपापुर) निवासी गौरव त्रिपाठी की एनएच-19 स्थित एचपी पेट्रोल पंप के समीप 'गौरव इंटरप्राइजेज' नाम से बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। बुधवार दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच उनके पिता अशोक कुमार त्रिपाठी (62) दुकान की देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कुछ देर के लिए झपकी आ गई। आरोप है कि इसी अवसर का फायदा उठाकर अज्ञात चोर दुकान में घुसे और नकदी व महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा पूरा काउंटर उठाकर फरार हो गए।
पीड़ित गौरव त्रिपाठी के अनुसार चोरी हुए काउंटर में करीब ₹75 हजार नकद, जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा ग्राहकों के लेन-देन और कारोबार का हिसाब-किताब दर्ज रजिस्टर रखा हुआ था। काउंटर गायब होने की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और आसपास के व्यापारी मौके पर पहुंच गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।
घटना की सूचना पर पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करने की मांग की। मामले में मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान कर जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

