स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के श्रीविद्या मठ में चोरी, CCTV की मदद से तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदारघाट स्थित शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के श्रीविद्या मठ में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए चांदी के आभूषण, अन्य सामान और नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद मठ प्रशासन और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।

पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल की रात श्रीविद्या मठ परिसर स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। चोर मंदिर से चांदी का हार और पीतल का एक कीमती पात्र लेकर फरार हो गए थे। धार्मिक स्थल में हुई इस घटना से मठ प्रशासन में हड़कंप मच गया था और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई थी।

घटना के संबंध में श्रीविद्या मठ के ब्रह्मचारी परमात्मानंद की तहरीर पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मठ परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद मिली, जिससे आरोपियों की पहचान करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के निर्देशन में अस्सी चौकी प्रभारी नवीन चतुर्वेदी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शुक्रवार देर रात रत्नाकर पार्क के पास से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकेत नगर निवासी राजू खान, रानीपुर महमूरगंज निवासी ध्रुव कुमार वर्मा तथा दशमी सरायनंदन खोजवा निवासी संतोष वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया चांदी का हार, अन्य सामान तथा 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की इस वारदात में इनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस का मानना है कि आगे की पूछताछ से मामले से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं।

Share this story