बुलेट पर लिखा “UGC का बाप”, कैंट पुलिस ने किया जब्त
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जब पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक बुलेट मोटरसाइकिल को पकड़ा। हैरानी की बात यह रही कि नंबर प्लेट की जगह बाइक पर बड़े अक्षरों में “UGC का बाप” लिखा हुआ था। इस अनोखे ‘स्टाइल’ को देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए चौंक गए।

विकास भवन के पास चेकिंग में खुलासा
जानकारी के अनुसार, कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा विकास भवन के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल पर पड़ी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी। करीब जाकर जांच करने पर बाइक पर लिखे शब्दों ने सभी को हैरान कर दिया।
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कैंट पुलिस ने बिना देर किए मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने भिजवा दिया। यातायात नियमों के तहत बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना दंडनीय अपराध है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाती है।
वाराणसी के चौबेपुर का निकला वाहन स्वामी
जांच में सामने आया कि बाइक का मालिक वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहा गांव का रहने वाला है। वह नगर निगम में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है।
अब मालिक की सफाई का इंतजार
फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। अब देखना होगा कि वाहन स्वामी सामने आकर अपनी इस ‘क्रिएटिव’ हरकत पर क्या सफाई देता है और उसे किस तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।
देखें वीडियो

