योगी सरकार ने पीआरडी जवानों को दी सौगात, अब 600 रुपये मानदेय के साथ मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा, बैरक निर्माण का शिलान्यास
वाराणसी। प्रांतीय रक्षक दल (PRD) जवानों के लिए प्रदेश सरकार ने मानदेय बढ़ाने के साथ कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और बैरक जैसी सुविधाओं की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसको लेकर प्रदेश के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, मजदूरों, जवानों और कमजोर वर्गों के हित में लगातार फैसले ले रही है। इस दौरान सीएम योगी के संबोधन का प्रसारण भी किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत अधिकारियों-जनप्रतिनिधियों और पीआरडी जवानों ने सीएम का संबोधन सुना।

मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि हाल में शिक्षामित्रों और कोटेदारों के हित में घोषणाएं की गई हैं। इसी क्रम में PRD जवानों का मानदेय 500 से बढ़ाकर 600 रुपये किया गया है। साथ ही जवानों और उनके परिवारों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि PRD पुलिस की बी टीम के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और जवानों को बेहतर सुविधाएं मिलने से उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।

उन्होंने बैरक निर्माण के शिलान्यास को भी महत्वपूर्ण कदम बताया। कहा कि ड्यूटी के बाद जवानों को आराम करने के लिए बैरक की सुविधा मिलेगी। लंबी दूरी पर रहने वाले जवान आवश्यकता पड़ने पर कुछ समय के लिए अपने परिवार को भी वहां रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह सेना के जवानों के लिए ड्यूटी के दौरान आराम और रहने की व्यवस्था होती है, उसी तरह PRD जवानों को भी सुविधाएं देने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में PRD जवानों को और सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। स्थायीकरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति मजबूत होने पर मानक के आधार पर PRD जवानों और होमगार्डों को स्थायी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करने का प्रयास करती है। अंत में उन्होंने PRD जवानों से राष्ट्र को मजबूत करने और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करने की अपील की।

