महिला कांवड़ियों की सुरक्षा पर भी योगी सरकार का विशेष ध्यान
शिविरों में महिला कांवड़ियों के रहने, फीडिंग रूम और शौचालय की हुई है अलग व्यवस्था
वाराणसी में कांवड़ियों के लिए 12 निःशुल्क शिविर और 3 क्लॉक रूम
सावन में महिला कांवड़ियों को मिलेगी सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा, नगर निगम ने किए व्यापक इंतजाम
वाराणसी। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख श्री काशी विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए सावन में देशभर से लाखों श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं। इनमें पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला कांवड़िया भी शामिल होती हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा को ध्यान में रखते हुए योगी सरकार कांवड़ियों के शिविरों में विशेष व्यवस्था कर रही है, ताकि उनकी कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बन सके।

इस वर्ष 30 जुलाई से प्रारंभ होकर 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावण मास के दौरान कांवड़ियों के लिए शहर में व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर निगम पुरुषों व महिला कांवड़ियों के लिए शिविरों में अलग से ठहरने की व्यवस्था कर रहा है। साथ ही इनके सामान को सुरक्षित रखने के लिए शहर में तीन अमानती घर भी बनाए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि कांवड़ियों के विश्राम के लिए शहर में 12 निःशुल्क शिविर तथा 3 अमानती घर बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक शिविर में महिलाओं के ठहरने, शौचालय और बच्चों को दूध पिलाने की अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त विश्राम स्थलों की भी व्यवस्था की जा सकती है, इसके लिए नगर निगम पूरी तरह तैयार है।

नगर आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक शिविर में प्रकाश व्यवस्था, पंखे, पेयजल, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, गद्दे, चादर, तकिए, कूलर, शौचालय और केयरटेकर की व्यवस्था होगी,ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अतिरिक्त जलकल, बिजली कर्मी, स्वास्थ्य तथा सामान्य अभियंत्रण विभाग की संयुक्त क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई है। यह टीम हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पेयजल, सीवर, सड़क, सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान करेगी।
नगर निगम द्वारा संचालित निःशुल्क कांवड़िया शिविर
जेपी मेहता – 1 शिविर
गिलट बाजार (हीवेल हॉस्पिटल के पास) – 1 शिविर
गिलट बाजार (चेतमणि के पास) – 1 शिविर
चितरंजन पार्क – 2 शिविर
टाउन हॉल – 1 शिविर
अष्टभुजा मंदिर – 3 शिविर
सनबीम स्कूल वरुणा के सामने – 1 शिविर
रथयात्रा चौराहा – 2 शिविर
निशुल्क अमानती घर
चितरंजन पार्क – 1
गोदौलिया चौराहा – 1
चौक थाना परिसर के पास – 1

