सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे यादव बंधु, सदियों पुरानी परंपरा निभाएंगे, मीटिंग में हुई चर्चा
वाराणसी। काशी के यादव बंधुओं की विभिन्न समितियों की मीटिंग बुधवार को हुई। इसमें आगामी श्रावण मास के पहले सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ के जलाभिषेक को लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस प्रशासन और वाराणसी के यादव बंधुओं सहित विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों ने विचार-विमर्श किया। यादव बंधुओं की ओर से बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक की सदियों पुरानी परंपरा हर साल निभाई जाती है।
मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन के प्रतिनिधियों ने यादव बंधुओं की धार्मिक आस्था और परंपरा का सम्मान करते हुए उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। प्रशासन ने जलाभिषेक को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, जल व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। यह आयोजन काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में उपस्थित सभी पक्षों ने श्रावण मास में जलाभिषेक की परंपरा को यथावत बनाए रखने और इसे श्रद्धापूर्ण ढंग से संपन्न करने के लिए एकजुटता दिखाई।

जलाभिषेक में लालजी यादव अध्यक्ष चंद्रवंशी गोप सेवा समिति, गोवर्धन पूजा समिति, अखिल भारतीय यादव समाज, शिवसेना उत्तर प्रदेश (शिंदे गुट) अध्यक्ष अजय चौबे (प्रदेश उप प्रमुख), धनंजय तिवारी (महानगर अध्यक्ष), शिवसेना उत्तर प्रदेश (उद्धव ठाकरे गुट) के अध्यक्ष राजाराम तिवारी, काशी प्रदक्षिणा दर्शन यात्रा समिति के यात्रा संचालक उमाशंकर गुप्ता की भागीदारी रहती है।
इसके अलावा ग्राम कटेश्वर यादव बंधु के राम नारायण बाबा, राजकुमार यादव भगत, चौरा माता जलाभिषेक यात्रा, भोजुबीर के चंदन यादव (यात्रा संचालक), विश्वनाथ गली व्यावसायिक संघ के रमेश तिवारी (यात्रा संचालक), श्री विश्वेश्वर जलाभिषेक मंडल, शिवपुर के पृथ्वी नाथ शर्मा (यात्रा संचालक), श्री वरुण क्षेत्र व्यापार मंडल के सोमनाथ उर्फ पप्पू विश्वकर्मा (यात्रा संचालक) समेत अन्य का भी योगदान होता है।

